जैसलमेर में अप्रैल में ही तपन का रिकॉर्ड: पारा 43.6°C, रात 27.2°C; अब हीटवेव के आसार

जैसलमेर में अप्रैल में ही तपन का रिकॉर्ड: पारा 43.6°C, रात 27.2°C; अब हीटवेव के आसार

जैसलमेर: जैसलमेर में सूरज के तेवर अब पूरी तरह तल्ख हो चुके हैं. अप्रैल में ही गर्मी ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं. चिलचिलाती धूप, आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाली लू के थपेड़ों ने आमजन को बेहाल कर दिया है. जिले के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस सीजन में पहली बार दिन का तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा.

वहीं मरुस्थल की रातों की ठंडक भी गायब हो गई है. न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन की सबसे गर्म रात है. अब दिन के साथ रात में भी राहत नहीं मिल रही है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है. मौसम विभाग के मुताबिक आगामी सात दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है और तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है. इससे पहले 16 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री और 21 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज हुआ था.

शुक्रवार को इन दोनों रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाया. सुबह 8 बजे से ही धूप चुभने लगती है और दोपहर तक हालात और विकट हो जाते हैं. आमतौर पर जैसलमेर की रातें ठंडी मानी जाती हैं, लेकिन इस बार अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में ही न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के पार जाना चिंताजनक है. रेत रात में भी ठंडी नहीं हो पा रही, जिससे ‘हीट आइलैंड’ जैसे हालात बन रहे हैं.