झांसी: अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है. झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ. हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे.
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. झांसी के SSP ने बताया कि मारे गए माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने के बाद हो गई. इस हादसे में उसके दोस्त सोनू की भी जान चली गई.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया. मृतकों में अबान अहमद की पहचान की गई है. हादसे में मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.