जयपुर : घरेलू गैस के ग्रामीण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ेगी. पहले सिलेंडर प्राप्त करने के बाद दूसरे सिलेंडर की बुकिंग अब 45 दिन बाद होगी. अभी तक 25 दिन का तेल कंपनियों ने चेक लगा रखा था. हालांकि शहरी क्षेत्र में अभी 25 दिन का चेक जारी रहेगा. लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के लिए यह अवधि बढ़ाकर 45 दिन की गई है.
घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति के संबंध में जिला सतर्कता दलों का गठन:
घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति के संबंध में जिला सतर्कता दलों का गठन किया गया है. सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देश पर जिला कलेक्टर ने सतर्कता दल गठित किए हैं. अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा को नोडल अधिकारी बनाया है. DSO जयपुर प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण, DSO द्वितीय संघमित्रा बरडिया को सहायक नोडल अधिकारी बनाया है.
जयपुर शहर और ग्रामीण के लिए 4-4 सदस्यीय सतर्कता दलों का भी गठन किया है. DSO प्रथम के साथ अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आयुक्तालय जयपुर, पूजा शर्मा प्रवर्तन अधिकारी और बिक्री अधिकारी LPG जयपुर शहर सतर्कता दल में शामिल हैं. जयपुर ग्रामीण सतर्कता दल में DSO ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण, बबिता यादव प्रवर्तन अधिकारी और बिक्री अधिकारी LPG सतर्कता दल में शामिल हैं.
जिला कलेक्टर की ओर से गठित सतर्कता दल जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कालाबाजारी, अवैध स्टॉक और अवैध रिफिलिंग पर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे.