
नई दिल्लीः महिला आरक्षण-परिसीमन बिल पर सरकार का नंबर गेम. महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन बिल को पास कराने के लिए सरकार ने रणनीति तैयार की है. बिल पास कराने के लिए लोकसभा में 361 वोटों की जरूरत है, NDA के पास फिलहाल करीब 320 सांसदों का संख्या बल है. सूत्रों के मुताबिक, DMK के 22 सांसदों का समर्थन मिल सकता है.
NCP (शरद पवार) के 8 सांसद भी सरकार के समर्थन में आ सकते है. JMM के 3 सांसदों के समर्थन की भी संभावना है, विपक्ष की कुछ पार्टियां,BJD समेत मतदान से दूरी या वॉकआउट कर सकती है. ऐसे समीकरणों के जरिए सरकार जरूरी आंकड़े तक पहुंचने की रणनीति बना रही है. राज्यसभा में भी DMK,YSRCP और BJD जैसे दलों के समर्थन/मतदान समीकरण पर सरकार की नजर है
जरूरी समर्थन जुटाया जा सकताः
विशेष संसद सत्र बुलाने के पीछे सरकार के नंबर गेम को लेकर सूत्रों का दावा है कि समर्थन जुटाने की रणनीति पर काम पूरा. सूत्रों के मुताबिक सरकार को भरोसा है कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन बिल को पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन जुटाया जा सकता है.
रिजिजू ने कहा कि संसद में अच्छी चर्चा होनी चाहिए और सार्थक बातचीत होनी चाहिए. देश में संसदीय लोकतंत्र है और संसद का गठन चर्चा एवं संवाद के लिए किया गया है. उन्होंने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि हल्की बातें करने के बजाय महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा करनी चाहिए. रिजिजू ने बताया कि 30 नवंबर को लोकसभा में महत्वपूर्ण बिल लाने की तैयारी है. वहीं 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में भी महत्वपूर्ण विधायी कार्यवाही प्रस्तावित है. संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और इससे जुड़े विधेयकों को लेकर चर्चा होने की संभावना के बीच सरकार की तैयारियों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.