बारां में ACB का बड़ा एक्शन, 2 थानों के 4 पुलिसकर्मियों पर केस... रिश्वत की डिमांड पड़ी भारी, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः बारां जिले में भ्रष्टाचार के दो अलग-अलग मामलों में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो थाना प्रभारियों और दो कांस्टेबलों के खिलाफ रिश्वत मांगने के मुकदमे दर्ज किए हैं. दोनों मामलों में ट्रैप की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी, क्योंकि आरोपियों को पहले ही भनक लग गई थी, लेकिन एसीबी के सत्यापन में रिश्वत मांगने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद डिमांड के केस दर्ज कर लिए गए हैं. 

पहला मामला बारां जिले के मोठपुर थाना क्षेत्र का है. एसीबी ने थाना प्रभारी देवकरण और कांस्टेबल कुलदीप मीणा के खिलाफ रिश्वत मांगने का मुकदमा दर्ज किया है. आरोप है कि लड़की भगाने के मामले में डिटेन किए गए परिवादी के बेटे को छोड़ने की एवज में दोनों ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी. सत्यापन के दौरान आरोपी 20 हजार रुपये ले चुके थे, जबकि बाकी राशि ट्रैप के दौरान ली जानी थी. लेकिन ट्रैप की आशंका होने पर आरोपियों ने शेष रकम लेने से इनकार कर दिया. इसके बावजूद सत्यापन में मिले साक्ष्यों के आधार पर कोटा एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार ने दोनों के खिलाफ रिश्वत मांगने का मुकदमा दर्ज कराया है.

दूसरा मामला बारां जिले के सारथल थाना का है. यहां थाना प्रभारी धर्मपाल यादव और कांस्टेबल कमलेश के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है. आरोप है कि मारपीट के एक आरोपी को राहत दिलाने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी. एसीबी के सत्यापन के दौरान यह राशि 10 हजार रुपये पर तय हुई. हालांकि ट्रैप से पहले ही आरोपियों को कार्रवाई की भनक लग गई और उन्होंने रिश्वत की रकम नहीं ली. लेकिन एसीबी के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर दोनों के खिलाफ डिमांड का मुकदमा दर्ज कर लिया गया  दो अलग-अलग थानों के चार पुलिसकर्मियों पर हुई इस कार्रवाई ने बारां पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है. यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत देती है कि रिश्वत की रकम हाथ में न आने पर भी यदि एसीबी के पास सत्यापन के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं, तो भ्रष्टाचार के मामलों में कानूनी कार्रवाई से बचना आसान नहीं होगा.      

अब इन दोनों मामलों में एसीबी आगे की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जा रही है . भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की यह कार्रवाई पुलिस महकमे में साफ संदेश देती है कि रिश्वत मांगने वालों पर लगातार सख्त नजर रखी जा रही है.