कोटा में एयरपोर्ट के विकास की नई उड़ान, हाड़ौती की उम्मीदों को पंख... कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की सौगात, देखिए खास रिपोर्ट

कोटा {भंवर एस. चारण}: कोचिंगसिटी कोटा के लिये आज का दिन खास हैं,जब कोटा हवाई सेवाओं का दशकों पुराना अपना सपना साकार होते देखने की दहलीज पर पहुंच गया हैं. लोकसभा अध्यक्ष ओमबिरला और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसके साथ ही कोटा से बरसों पहले किया अपना वादा भी पूरा कर लिया हैं. कोटा में 1507 करोङ की लागत से 440.6 हेक्टेयर में कोटा-बूंदी के बीच के शंभूपुरा-जाखमुंड-बलापुरा-तुलसा-कैथूदा और देवरियां गांवों के बीच कोटा का ये हवाई सपना धरातल पर उतरने जा रहा हैं.अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरुप बन रहे इस् ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू के साथ कोटा-बंदी के बीच नींव रखी हैं. 

विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान कोटा में एक जनसभा में प्रधानमंत्री का कोटा से किया हवाईसेवा का ये वादा आज कोटा-बूंदी की जनता को फिर से याद आ रहा हैं--जब चुनावी वादों से आगे बढ़कर न सिर्फ ये वादा बल्कि कोटा का सबसे बङा सपना भी साकार होते हुये धरातल पर उतर रहा हैं और कोटा में आधिकारिक रुप से कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण का काम शुरु हो चुका हैं. आज हुये शिलान्यास समारोह से पहले प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को बड़ी मंजूरी पहले ही दे दी गयी थी और इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संयोजन में राज्य सरकार-एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कोटा विकास प्राधिकरण के बीच भी इसे लेकर त्रिपक्षीय एमओयू भी हो चुका--इसके साथ ही कोटा-बूंदी सांसद और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का अपने संसदीय क्षेत्र की जनता से किया गया सबसे बड़ा चुनावी वादा भी पूरा होने जा रहा हैं और बिरला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दशहरा मैदान में खङे होकर करीब 3 साल पहले सार्वजनिक सभा में कोटा की जनता से किये वादे को आज पूरा करने के लिये पीएम का आभार व्यक्त करना भी नहीं भूले और साथ में ये उम्मीद भी कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र को थमा रहे हैं कि नया एयरपोर्ट कोटा का नया ग्रोथ इंजन बनेगा.

संभागीय मुख्यालय कोटा से करीब 25 किलोमीटर दूर कोटा-बूंदी के बीच शंभुपुरा-जाखमुंड और आसपास के गांवों की करीब 440 हैक्टेयर से भी अधिक जमीन पर प्रस्तावित इस नये ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिये 1507 करोङ की राशि को केन्द्रीय कैबिनेट ने पहले ही मंजूरी दे दी हैं. 20 हजार वर्गमीटर टर्मिनल वाले प्रस्तावित हवाईअड्डे का करीब 3200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे होगा.आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कोटा एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री सेवा क्षमता 20 लाख होगी. व्यस्ततम समय में भी प्रति घंटे ये हवाईअड्डा लगभग 1000 यात्रीयों को सेवा प्रदान करेगा. सिटी साइड में करीब 300 कारों की पार्किंग सुविधा के साथ यहां 14 चेक इन काउंटर बनाये जा रहे हैं. हवाई अड्डे पर सात विमान पार्किंग क्षेत्रों का निर्माण किया जाएगा. पहले और दूसरे चरण को मिलाकर अब तक कोटा एयरपोर्ट के लिए कुल 850 करोड़ से अधिक के कार्य टेंडर प्रक्रिया में आ चुके हैं. बताया जा रहा हैं कि टेक्निकली अपग्रेड करके बनाया जा रहा कोटा का नया एयरपोर्ट देश के हाईटेक हवाईअडों में होगा--यहां एयरपोर्ट के साथ फ्लाइंग क्लब,शॉपिंग मॉल,फायर स्टेशन,एसटीपी प्लांट और पूरी आत्याधुनिक एयरोसिटी भी बनेगी. 

तूफानी गति से कार्य प्रगति पर
कोटा में एयरपोर्ट का सपना साकार होना इतना आसान भी नहीं रहा--  इसमें कई वर्षो का एक लंबा समय लगा और वनभूमि के टॉपीग्राफिक सर्वे और डिमॉर्केशन प्रक्रिया से शुरु होने के बाद कई तरह की तकनीकी और सियासी अङचनों से इस प्रोजेक्ट को पार होना पड़ा प्रस्तावित परिसर में स्थित हाईटेंशन लाइन के 34 टॉवर हटाना एक बङी चुनौती हैं जिसे लेकर  पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन-एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और तात्कालीन यूआईटी कोटा के बीच मॉर्च 2024 में करार हुआ और अब ये काम प्रगति पर हैं तो साथ ही प्रोजेक्ट में आ रही करीब 90 फीसदी जमीन फॉरेस्ट लैंड होने के चलते वन और पर्यावरणीय अनुमतियां और वनभूमि डायवर्जन भी एक बङा टास्क था. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रदेश और देश में  भाजपा की सरकारें आने के बाद इस काम को मिशन मोड पर ले लिया और लगातार बैंठके करके डायवर्जन से लेकर हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग और बूंदी के रामगढ टाइगर रिजर्व से जुड़ी वाइल्ड लाइफ क्लियरेंस अनुमतियां मिलने का मार्ग प्रशस्त कराया. टाइमलाइन के लिहाज से दिसंबर 2024 में 1507 करोङ के कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट की डीपीआर को मंजूरी और इसके बाद जुलाई 2025 में 283 करोड़ का एयर साइड टेंडर और फरवरी 2026 में 393 करोङ के सिटी साइड टेंडर महत्वपूर्ण मोङ रहे. जिसके साथ ही अब धरातल पर तूफानी गति से कार्य प्रगति पर हैं और प्रदेश सरकार का दावा हैं कि आज शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री कोटा एयरपोर्ट पर वीडियो संदेश देंगे और 2 साल बाद इसके पूरे होने पर लोकार्पण भी प्रधानमंत्री के ही हाथों से होगा.   

बहरहाल इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के साथ ही उम्मीद की जा रही हैं कि बेहतरीन रोड़ और रेल कनेक्टिविटी वाले शहर कोटा में अब आत्याधुनिक हवाईसेवा तंत्र भी होगा. जो कोटा के विकास का एक नया अध्याय शुरु करेगा और साथ ही कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र में 2024 के लोकसभा चुनावों का ये सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा आनेवाले सियासी और चुनावी सीजन में सत्तापक्ष के हक में एक बड़ा सियासी शिफ्ट लाने का काम भी करेगा.