VIDEO: निकाय चुनाव तक पुलिस तबादलों पर ब्रेक, पुलिसकर्मियों की रिलीविंग पर PHQ की रोक, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने हाल ही में तबादला किए गए पुलिसकर्मियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. कांस्टेबल, हैड कांस्टेबल, सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) और उप निरीक्षक (एसआई) स्तर के जिन पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए थे, लेकिन वे अभी तक अपनी वर्तमान तैनाती से रिलीव नहीं हुए हैं, उनकी रिलीविंग पर फिलहाल रोक लगा दी गई है. अब इन पुलिसकर्मियों को आगामी स्थानीय निकाय चुनाव के बाद ही रिलीव किया जाएगा.

पुलिस मुख्यालय के इस फैसले के बाद तबादला आदेश जारी होने के बावजूद वर्तमान स्थान पर ड्यूटी कर रहे बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तत्काल रिलीविंग से राहत मिल गई है. विभागीय स्तर पर माना जा रहा है कि स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान पुलिस बल की आवश्यकता और कानून-व्यवस्था की चुनौती को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. दरअसल, पुलिस मुख्यालय की ओर से हाल ही में कांस्टेबल से लेकर एसआई स्तर तक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए थे. 

तबादला आदेश जारी होने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को उनकी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए वर्तमान स्थान से रिलीव किया जाना था. कई जिलों और इकाइयों में रिलीविंग की प्रक्रिया शुरू भी हो गई थी, लेकिन बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी अभी तक अपनी पुरानी तैनाती पर ही कार्यरत हैं.अब ऐसे कार्मिकों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है. जिनकी रिलीविंग अभी तक नहीं हुई है, उन्हें फिलहाल वर्तमान स्थान पर ही ड्यूटी करनी होगी. संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल नई जगह ज्वाइन करने के लिए रिलीव नहीं किया जाएगा.

पुलिस मुख्यालय ने यह फैसला आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को देखकर लिया है.चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त जाब्ता लगाने तथा मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की आवश्यकता होती है. ऐसे में यदि तबादला किए गए सभी पुलिसकर्मियों को एक साथ रिलीव कर दिया जाता तो कई जिलों और पुलिस इकाइयों में बल की कमी की स्थिति बन सकती थी. इसी को देखते हुए फिलहाल रिलीविंग रोकने का निर्णय लिया गया है.

इससे चुनाव तक संबंधित जिलों और इकाइयों में उपलब्ध पुलिस बल को बनाए रखा जा सकेगा.अब तबादला आदेशों के बावजूद जो पुलिसकर्मी अभी तक रिलीव नहीं हुए हैं, उन्हें स्थानीय निकाय चुनाव तक वर्तमान तैनाती पर ही ड्यूटी करनी होगी. चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिलीविंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. इसके बाद संबंधित पुलिसकर्मी तबादला आदेश के अनुसार नई तैनाती पर कार्यभार संभाल सकेंगे. पुलिस मुख्यालय के इस निर्णय से उन पुलिसकर्मियों को भी फिलहाल राहत मिली है, जो तबादला आदेश जारी होने के बाद नई जगह जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उन्हें वर्तमान इकाई से रिलीव नहीं किया गया था.