जयपुर: राजस्थान बैडमिंटन संघ ने अपने संविधान को बदलने का फैसला किया है. बैडमिंटन संघ ने हाल ही संपन्न हुई अपनी एजीएम में इस बार में फैसला करते हुए तीन सदस्यीय विशेष कमेटी का गठन कर दिया है. ये कमेटी ही अब संविधान को संशोधित करके उसका रजिस्ट्रार सहकारिता विभाग में रजिस्ट्रेशन कराएगी. लंबे समय बाद बैडमिंटन संघ ने नए सिरे से संविधान की कवायद शुरू कर दी है.
राजस्थान बैडमिंटन संघ ने लिए हैं बड़े फैसले:
-संघ ने लंबे समय बाद अपना संविधान बदलने का कदम उठाया
-संविधान बदलने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का किया गठन
-कमेटी नया संविधान बनाकर उसे सहकारिता विभाग में रजिस्टर्ड कराएगी
-राज्य में बने नए जिलों के अनुसार नए जिला बैडमिंटन संघ भी गठित होंगे
-संघ के सचिव केके शर्मा को नये जिलों को पुर्नगठन के लिये अधिकृत किया
-नए जिलों से राज्य बैडमिंटन संघ में जिला संघों की संख्या बढ़ जाएगी
-नए जिलों में भी अलग से बैडमिंटन की गतिविधियां शुरू हो पाएंगी
राजस्थान बैडमिंटन संघ ने सत्र 2026-27 के लिए राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आधिकारिक कैलेंडर भी घोषित कर दिया है. इस वर्ष प्रदेश के विभिन्न शहरों में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मौका मिलेगा. सत्र का आगाज़ 20 से 26 जुलाई तक जयपुर में होने वाले ’राजस्थान स्टेट रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट’ के साथ होगा. इसके आधार पर राजस्थान बैडमिंटन टीम का चयन होगा जो नॉर्थ जोन बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेगी. अंडर-15 चैंपियनशिप का आयोजन 26 से 30 अगस्त तक जयपुर की डीआरएम अकादमी में होगा. अंडर-17 वर्ग की प्रतियोगिता 23 से 27 सितंबर तक उदयपुर में खेली जाएगी. अंडर-11 और अंडर-13 के छोटे खिलाड़ियों के लिए 21 से 25 अक्टूबर तक चित्तौड़गढ़ में मुकाबले होंगे.
अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप 16 से 21 सितंबर तक श्रीगंगानगर के ब्लूमिंग डेल्स इंटरनेषनल स्कूल में आयोजित होगी वहीं सीनियर स्टेट चैंपियनशिप 24 से 30 नवंबर तक बीकानेर में आयोजित की जाएगी. सत्र का समापन 10 से 14 फरवरी, 2027 को कोटा में आयोजित होने वाली मास्टर्स चैंपियनशिप के साथ होगा. पहली बार राज्य संघ द्वारा जयपुर जिला संघ को दो राज्य प्रतियोगिताएं आवंटित की गई है. राज्य संघ द्वारा खिलाड़ियों के लिए नए कोड ऑफ कन्डक्ट भी बनाए है जिनको जल्दी जारी कर दिया जाएगा. संघ ने खिलाड़ियों को अवार्ड देने का भी फैसला किया है. राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 31 हजार व सिल्वर मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 21 हजार एवं ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त करने के वाले खिलाड़ियों 11 हजार रूपये राजस्थान बैडमिंटन संघ द्वारा दिये जाएंगे. राज्य संघ द्वारा अलवर में स्टेट एम्पयार एवं मैच कन्ट्रोल एग्जाम आयोजित किए गए. जिसमें 31 प्रतियोगी ने भाग लिया.
राजस्थान बैडमिंटन संघ का टूर्नामेंट कैलेंडर जारी:
-20–26 जुलाई से जयपुर में स्टेट रैंकिंग टूर्नामेंट से होगी शुरुआत
-U-15, U-17, U-19 सहित सभी आयु वर्गों की प्रतियोगिताएं तय
-सीनियर स्टेट चैंपियनशिप 24–30 नवंबर को बीकानेर में
-मास्टर्स चैंपियनशिप 10–14 फरवरी 2027 को कोटा में
-जयपुर में 3–11 अक्टूबर तक ऑल इंडिया सब-जूनियर रैंकिंग टूर्नामेंट
-हर टूर्नामेंट में 1.5 लाख रुपये प्राइज मनी घोषित
-राष्ट्रीय पदक विजेताओं को ₹31,000 तक पुरस्कार
-जिलों को राष्ट्रीय आयोजन के लिए ₹1 लाख की सहायता
-एंट्री फीस : सिंगल्स ₹1000, डबल्स ₹2000
-राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने पर फोकस