Rajasthan Panchayat Election 2026: ओबीसी आरक्षण के विरोध में ग्रामीणों का चुनाव बहिष्कार, बूथ नंबर 4 पर नहीं पड़ा एक भी वोट

जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर जिले की ग्राम पंचायत भोजराज की ढाणी में पंचायत चुनाव के दौरान आरक्षण व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का विरोध देखने को मिला. जिला परिषद सदस्य के चुनाव में सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित होने से नाराज ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया. शनिवार सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद बूथ नंबर 4 पर एक भी वोट नहीं पड़ा. मतदान केंद्र पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा.

ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम पंचायत में सामान्य वर्ग के मतदाताओं की संख्या अधिक होने के बावजूद जिला परिषद सदस्य की सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित किए जाने से उनमें नाराजगी है. इसी विरोध के चलते ग्रामीणों ने मतदान प्रक्रिया से दूरी बनाने का निर्णय लिया. ग्राम पंचायत में 800 से अधिक मतदाता होने के बावजूद बूथ नंबर 4 पर मतदान नहीं होना चर्चा का विषय बना रहा.

वहीं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में भी किसी प्रत्याशी की ओर से नामांकन दाखिल नहीं किया गया. इससे ग्रामीणों की नाराजगी और चुनाव प्रक्रिया से दूरी बनाने का मामला सामने आया है. आरक्षण व्यवस्था के विरोध में ग्रामीणों के सामूहिक बहिष्कार के चलते प्रशासन की चिंता बढ़ गई. ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए चुनाव प्रक्रिया में भाग नहीं लेने का फैसला किया.