नौतपा में भट्टी सा तप रहा राजस्थान, कई जिलों का तापमान पहुंचा 45 के पार

नौतपा में भट्टी सा तप रहा राजस्थान, कई जिलों का तापमान पहुंचा 45 के पार

जयपुर : नौतपा में राजस्थान भट्टी सा तप रहा है. आज से नौतपा शुरू हो गया है. कई जिलों का तापमान 45 के पार पहुंच गया है. सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर, बीकानेर, बाड़मेर का है. यहां का तापमान 46 डिग्री के करीब पहुंच गया है. 28 मई तक राजस्थान में गर्मी का सितम रहेगा. 

ज्योतिषीय गणना के अनुसार आज दोपहर 3 बजकर 37 मिनट पर सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और 8 जून तक इसी नक्षत्र में रहेंगे. सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के शुरुआती नौ दिनों को नौतपा कहा जाता है. मान्यता है कि नौतपा के दौरान सूर्य का अग्नि तत्व अत्यधिक सक्रिय हो जाता है, जिससे धरती पर तापमान तेजी से बढ़ता है. 

29 मई को बुध के मिथुन राशि में प्रवेश से मौसम बदलेगा. 30 मई से आंधी और हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है. तेज आंधी और बारिश से नौतपा के खंडित होने की संभावना है. इस बार नौतपा में त्रिग्रही योग, मिथुन राशि में गुरु, शुक्र और बुध की युति है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार समुद्र में रोहिणी के निवास से अच्छी बारिश के संकेत है. लोक परंपराओं में इसे मानसून के गर्भकाल के रूप में भी देखा जाता है. 

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक यात्रा से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस दौरान जलदान, पौधारोपण और प्यासों को पानी पिलाना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है. भीषण गर्मी की हालत के चलते कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने समीक्षा करने के साथ पेयजल आपूर्ति के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी दिए है वही आमजन से पानी के उपयोग की भी अपील की है.