VIDEO: NCC कॉम्प्लेक्स में SDRF ने आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, युवा आपदा मित्र में 57 केंडेट्स का प्रशिक्षण, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: राजधानी जयपुर स्थित एनसीसी कॉम्प्लेक्स में आज राज्य आपदा प्रतिवाद बल (SDRF) राजस्थान द्वारा आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों को लेकर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम, लाइव डेमो और उपकरण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में 1 राजस्थान आर्म्ड स्क्वाड्रन एनसीसी के 57 स्वयंसेवक (06 महिला एवं 51 पुरुष) शामिल हुए, जो वर्तमान में सात दिवसीय “युवा आपदा मित्र” प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें प्राथमिक स्तर पर सहायता प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित करना था. इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक एवं एसडीआरएफ राजस्थान की प्रमुख अधिकारी परम ज्योति ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है. उन्होंने युवाओं से आपदा के समय सजग, प्रशिक्षित और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया.कार्यक्रम के दौरान एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने एनसीसी परिसर में रोप रेस्क्यू, ऊंचाई से बचाव तथा अन्य आपदा बचाव तकनीकों का लाइव प्रदर्शन किया. 

जवानों ने बताया कि बाढ़, सड़क दुर्घटना, आगजनी और अन्य आपात परिस्थितियों में किस प्रकार प्रशिक्षित टीमें त्वरित कार्रवाई कर लोगों की जान बचाती हैं. प्रदर्शन के माध्यम से कैडेट्स को रेस्क्यू ऑपरेशन की बारीकियों से अवगत कराया गया.एसडीआरएफ विशेषज्ञों ने अचानक होने वाली घटनाओं जैसे हार्ट अटैक, गैस सिलेंडर में आग लगना, सड़क दुर्घटनाएं और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी. साथ ही यह भी बताया गया कि रेस्क्यू टीम के मौके पर पहुंचने से पहले आम नागरिक किस प्रकार प्राथमिक सहायता देकर घायलों और प्रभावित लोगों की मदद कर सकते हैं. प्रशिक्षण में व्यावहारिक जानकारी पर विशेष जोर दिया गया ताकि युवा वास्तविक परिस्थितियों में प्रभावी भूमिका निभा सकें.

कार्यक्रम में एसडीआरएफ द्वारा उपयोग किए जाने वाले आधुनिक बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई. कैडेट्स को उपकरणों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और आपदा प्रबंधन में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. प्रतिभागियों ने विभिन्न उपकरणों का अवलोकन कर उनके संचालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं.इस अवसर पर अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, आरएसी एवं एसडीआरएफ  रुपिंदर सिंह ने आपदा प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशिक्षित युवा किसी भी संकट की घड़ी में समाज के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकते हैं. 

वहीं डिप्टी डायरेक्टर जनरल एयर कमोडोर सम्पत कुमार आनंद ने आपदा के समय एनसीसी कैडेट्स की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया.कार्यक्रम के अंत में एसडीआरएफ कमांडेंट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने एसडीआरएफ की संरचना, कार्यप्रणाली और विभिन्न बचाव अभियानों की जानकारी देते हुए सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों और एनसीसी कैडेट्स का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं में सेवा, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.