नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है. शेष 142 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हुआ है. पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के भाग्य की भी परीक्षा है. आज भवानीपुर विधानसभा सीट पर मतदान होना है. यहां से पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी उम्मीदवार हैं.
बीजेपी से उनके सामने मैदान में शुभेंदु अधिकारी हैं. भवानीपुर में पश्चिम बंगाल का चर्चित मुकाबला है. बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ को पार्टी ने यहां की चुनावी जिम्मेदारी सौंपी थी.
प्रधानमंत्री मोदी ने की रिकॉर्ड मतदान की अपील:
पीएम मोदी ने कहा कि आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का दूसरा चरण है. मैं आज मतदान करने वाले सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि वे रिकॉर्ड संख्या में अपने मत का प्रयोग करें, ताकि हमारे लोकतंत्र को और अधिक जीवंत और सहभागी बनाया जा सके. विशेष रूप से, यह अत्यंत आवश्यक है कि पश्चिम बंगाल की नारी शक्ति और युवा शक्ति बड़ी संख्या में बाहर निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें.
भ्रष्टाचार मुक्त बंगाल के लिए वोट करें : अमित शाह
वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल को डर, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार के कुशासन से मुक्त कराने के लिए, इस दूसरे और अंतिम चरण में, मैं सभी मतदाताओं से विशेषकर माताओं, बहनों और युवाओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं.
आपका एक वोट न केवल बंगाल का गौरव लौटाएगा, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगा. केवल वही सरकार बंगाल के युवाओं के सपनों को साकार कर सकती है, जिसके पास विकास की स्पष्ट दिशा हो और घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का दृढ़ संकल्प हो. 'सोनार बांग्ला' के निर्माण के लिए रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें.
बता दें कि पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी है. नादिया में महुआ मोइत्रा ने वोट डाला है.TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने मतदान किया है. लोग बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंच रहे हैं. इस दौरान महुआ मोइत्रा ने कहा कि यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है.