जयपुर : पश्चिमी विक्षोभ के बाद हुई बारिश से राजधानी जयपुर में हल्की सर्दी बढ़ी है. लेकिन अगले 2 सप्ताह मौसम शुष्क रहने से दिन के तापमान में वृद्धि होगी. अक्टूबर में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव नहीं होने से मावठ के आसार कम हैं. आखिरी हफ्ते से गुलाबी सर्दी का असर दिखेगा.
उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के चलने से सुबह-शाम ठंडक बढ़ेगी. पिलानी और श्रीगंगानगर में 40 डिग्री के करीब तापमान पहुंचा है. पिलानी में 39.7 और श्रीगंगानगर में 39.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ है. उदयपुर, सिरोही और माउंट आबू में रात का पारा 20 डिग्री नीचे है.
अगले 24 से 48 घंटे में राजस्थान से मानसून की विदाई की संभावना है. अभी कोटा और उदयपुर संभाग में मानसून की गतिविधियां बनी हुई हैं. मौसम विभाग का आज से प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है. आने वाले दिनों में दिन का तापमान 33 से 40 डिग्री रहने की संभावना है.