विश्व प्रसिद्ध बाबा श्याम का फाल्गुनी लक्खी मेला परवान पर, आज मेले के छठवें दिन उमड़ा श्रद्धा का सैलाब 

विश्व प्रसिद्ध बाबा श्याम का फाल्गुनी लक्खी मेला परवान पर, आज मेले के छठवें दिन उमड़ा श्रद्धा का सैलाब 

सीकर: विश्व प्रसिद्ध बाबा श्याम का फाल्गुनी लक्खी मेला पूरे परवान पर है. राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में आज मेले के छठे दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. देशभर से आए लाखों भक्त बाबा के दर्शनों के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए.

‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से खाटू नगरी गूंज उठी. पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है. मंदिर परिसर और आसपास के मार्ग श्रद्धालुओं से अटे पड़े हैं. प्रशासन द्वारा किए गए विशेष यातायात प्रबंधों के चलते खाटूश्यामजी आने वाले सभी रास्तों पर पुलिस बल तैनात है और जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है.

मेले को लेकर जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी ने व्यापक इंतजाम किए हैं. दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा शिविर, विश्राम स्थल और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है. सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है.

भक्तों का कहना है कि इस बार मेले की व्यवस्था पहले से बेहतर है. सुविधा, सुरक्षा और सुगमता के साथ श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर पा रहे हैं. फाल्गुनी लक्खी मेले के आगामी दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.