Panchayat Elections 2026: बीजेपी के ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन, CM भजनलाल शर्मा बोले- हमारी सोच है गांव में मूलभूत सुविधाएं मिलें

Panchayat Elections 2026: बीजेपी के ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन, CM भजनलाल शर्मा बोले- हमारी सोच है गांव में मूलभूत सुविधाएं मिलें

जयपुर : पंचायत चुनाव को लेकर बीजेपी के ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन हो गया है. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि बीजेपी जब चुनाव में जाती है तो संकल्प लेकर आती है. हमने विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र के 78 फीसदी काम पूरे किए हैं.

नगर निकाय के लिए हम संकल्प पत्र लेकर आए. हमने 100 दिन की रचना बनाई, हर निकाय का विजन डाक्यूमेंट बनाया. मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना है. आज हम गांवों के लिए संकल्प पत्र लेकर आए हैं. बीते 30-40 सालों में लोग गांवों से शहर के लिए आए,शहरों की जनसंख्या बढ़ी है.

हमारी सोच है गांव में मूलभूत सुविधाएं मिलें:
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सोच है कि गांव में मूलभूत सुविधाएं मिलें. जिससे गांव का आदमी शहर की तरफ नहीं आए. गांवों में ही संपूर्ण विकास होगा तो वहां का व्यक्ति शहर नहीं आएगा. चिकित्सा, शिक्षा का स्तर बढ़े, युवा के लिए खेल का मैदान हों. हम हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान बनाएंगे.

गांव में इंटरनेट समेत तमाम सुविधाएं होंगी:
हर गांव में अटल ज्ञान केंद्र खोले जाएंगे. यहां इंटरनेट समेत तमाम सुविधाएं होंगी. जिससे गांव का युवा कोचिंग के लिए दूर नहीं जाकर वहीं पढ़ाई कर सके. ERCP, यमुना जल समझौते से जुड़ी योजनाओं का लाभ राजस्थान को मिलेगा. दशकों पुरानी मांग को पीएम मोदी जी ने पूरा किया है.

हमें विश्वास है पंचायती राज चुनाव में भी जनता का आशीर्वाद मिलेगा:
सीएम ने कहा कि गांवों का वाटर लेवल कैसे ऊपर आए है, इसके लिए सरकार काम कर रही है, पर्यावरण के लिए हम काम कर रहे हैं, लोकल फॉर वोकल कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. निकाय चुनाव में राजस्थान की जनता ने जिस तरह से आशीर्वाद दिया उसी तरह हमें विश्वास है पंचायती राज चुनाव में भी जनता का आशीर्वाद मिलेगा.

राजस्थान में 1 करोड़ से अधिक लोगों खाद्यान्न योजना से जोड़ा:
सीएम ने आगे कहा कि किसान को 12 हजार का फायदा देने जा रहे हैं, 6 हजार केंद्र से दिए जा रहे हैं. हमने पशुपालक, घुमंतू को शामिल किया है. राजस्थान में 1 करोड़ से अधिक लोगों खाद्यान्न योजना से जोड़ा है. पशुपालकों के लिए बीमा की सुविधा दी है. नवरात्रि के स्थापना पर्व की प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं.