देहरादून: उत्तराखंड में मौसम विभाग का अलर्ट जारी किया गया. स्कूलों की छुट्टी के आदेश जारी किए.भारी बारिश का अलर्ट जारी किया. भारी बारिश के आसार को देखते हुए बागेश्वर,चमोली, पौड़ी और देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12वीं तक और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए. मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल ने बताया कि 7 और 8 अगस्त को भी प्रदेश में हल्की बारिश के आसार है.
आपको बता दें कि देशभर में मानसून ने एक बार फिर अपनी रफ्तार पकड़ ली है, जिसके चलते भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज के लिए देश के 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. मानसूनी ट्रफ और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में हालात सबसे ज्यादा संवेदनशील बने रहने की आशंका है, जहां कई पर्वतीय जिलों में मूसलाधार बारिश से भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लगातार हो रही बारिश और भारतीय मौसम विभाग द्वारा राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया.