परिवहन विभाग में 10 नए DTO की नियुक्ति, अधिकारियों की कमी होगी दूर, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः कार्मिक विभाग के आदेशों के बाद परिवहन विभाग ने 10 नए जिला परिवहन अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है. लंबे समय से अधिकारियों की कमी से जूझ रहे विभाग के लिए यह निर्णय राहत भरा माना जा रहा है.

परिवहन विभाग में पिछले काफी समय से जिला परिवहन अधिकारियों की कमी बनी हुई थी. इस वजह से कई जिलों में परिवहन निरीक्षकों को अतिरिक्त चार्ज देकर काम चलाया जा रहा था. एक ही अधिकारी के पास कई जिम्मेदारियां होने से कार्य प्रभावित हो रहा था और आमजन को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. नए DTO की नियुक्ति से यह समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है.परिवहन विभाग की ओर से नियुक्त किए गए नए अधिकारियों को फिलहाल 31,100 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा. हालांकि यह शुरुआती वेतन है, जिसमें आगे सेवा नियमों के अनुसार वृद्धि हो सकेगी, इन नियुक्तियों से न केवल कामकाज में तेजी आएगी, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत होगी. जिन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, उनमें मनीष सिंह, पुष्पा बेनीवाल, सुधीर कुमार, दिनेश कुमार, वीरेंद्र गढ़वाल, तनीषा यादव, ऋषभ राज रानावत, मनीष मीणा, जितेंद्र कुमार और देशमुख शामिल हैं, फिलहाल यह अधिकारी ट्रेनिंग करेंगे उसके बाद इन्हें फील्ड में पोस्टिंग दी जाएगी 

विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नए DTO के आने से ओवरलोडिंग पर नियंत्रण, फिटनेस जांच, टैक्स वसूली और सड़क सुरक्षा जैसे अहम कार्यों में तेजी आएगी. साथ ही ई-गवर्नेंस से जुड़े कामों को भी प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि यह नियुक्तियां ऐसे समय में हुई हैं जब प्रदेश में परिवहन गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं. ऐसे में प्रशासनिक ढांचे का मजबूत होना बेहद जरूरी है. नए अधिकारियों के आने से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी. कुल मिलाकर, 10 नए जिला परिवहन अधिकारियों की नियुक्ति को परिवहन विभाग के लिए एक सकारात्मक और जरूरी कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में विभाग की कार्यप्रणाली में स्पष्ट सुधार देखने को मिल सकता है