जोधपुर के 120 श्रद्धालु दुबई में फंसे, मिसाइल हमलों के बीच सुरक्षा की मांग, केंद्र सरकार से तत्काल मदद की मांग

जोधपुर: ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के कारण जोधपुर के 120 श्रद्वालु दुबई में फंस गए हैं. ये सभी लोग बड़ा रामद्वारा सूरसागर के संत अमृतराम महाराज की कथा सुनने के लिए दुबई गए थे. महाराज की 24 से 28 फरवरी तक दुबई में कथा थी, जो सेवन सीज होटल में थी. सभी लोग 23 फरवरी को दुबई गए थे. वहीं कथा 28 फरवरी को खत्म हुई तो वे वापस आने वाले थे.

जोधपुर के मंडोर और सूरसागर के माली समाज के करीब 100 लोग शामिल होने गए थे. कथा शनिवार को समाप्त होने के बाद सभी आबुधाबी एयरपोर्ट पहुंचे. वहां पहुंचने के बाद उन्हें उड़ान रद्द होने की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस ने उन लोगों को वापस होटल भेज दिया. वहीं दुबई में फंसे लोगों ने केंद्रीय सरकार से तत्काल मदद की मांग की है. संत अमृतराम महाराज ने सभी श्रद्धालुओं के साथ मिलकर दुबई से भारत सरकार से मदद का आग्रह करते हुए कहा कि यह सभी श्रद्धालु सत्संग के लिए दुबई आए थे.

भारत इनको कल वापस जाना था मगर आबुधाबी और दुबई के पास हमले हो गए जिससे फ्लाइट कैंसल हो गई जिससे यह सभी यही फंसे रह गए. यह सभी अपने हिसाब से कुछ दिन का पैसो इत्यादि का इंतजाम करके आए थे जिसके चलते सभी दहशत में है. माहेश्वरी समाज ने इन सभी के लिए खाने पीने की व्यवथा की है ऐसे में भारत सरकार से अपील है कि वह जल्द से जल्द कुछ करे और सभी को भारत पहुंचाने में सहायता करे.