बीकानेर: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के लिए तस्कर नए-नए तरीके अपना रहे हैं. अब थार रॉक्स गाड़ी की डीजल टंकी के ढक्कन के पास गुप्त बॉक्स बनाकर अफीम छिपाने का मामला सामने आया है. जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पांचू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 78 ग्राम अफीम बरामद की है.
पांचू थानाधिकारी सीआई ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नोखा रोड पर एक थार रॉक्स गाड़ी की तलाशी ली. इस दौरान डीजल टंकी के ढक्कन के पास बनाए गए गुप्त बॉक्स में छिपाकर रखी गई 78 ग्राम अफीम बरामद हुई. पुलिस ने मौके से पांचू निवासी सुंदरलाल जाट को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त थार रॉक्स गाड़ी जब्त कर ली.
इस कार्रवाई में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के साथ एएसआई रामनिवास, कांस्टेबल सुनील, गणेशाराम और लीलाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस अब अफीम की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. साथ ही गाड़ी में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स से अफीम की बरामदगी ने मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे नए तरीकों को उजागर किया है.