उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले के सवीना थाना क्षेत्र में शनिवार अल सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. नेला तालाब के समीप हाईवे पर दो कारों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक उदयपुर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, कार में कुल छह युवक सवार थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
घटना की सूचना मिलते ही सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया. वहीं, हादसे में घायल दो युवकों को उपचार के लिए एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.