सीकरः विश्व प्रसिद्ध बाबा श्याम का फाल्गुनी लक्खी मेले में आज दूसरे दिन श्रद्धा का सैलाब उमड़ा. पूरा खाटूधाम श्रद्धा, आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम में डूबा. 21 से 28 फरवरी तक भरने वाले मेले में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है. श्याम धणी के दरबार को बेहद मनमोहक और भव्य रूप से श्रृंगारित किया गया.
दरबार में अनेकों देवी-देवताओं की भव्य झांकियां सजाई गईं. 11 हजार डमरुओं से दरबार की दिव्यता और बढ़ी. बाबा श्याम के दरबार में लाखों श्रद्धालु दर्शन कर परिवार में सुख-समृद्धि और व्यापार में उन्नति की कामना कर रहे हैं.
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंदः
खाटूश्यामजी पहुंचने वाले सभी रास्तों पर वाहनों-भक्तों की रेलमपेल है. बड़ी संख्या में श्याम भक्त पैदल व निशान लेकर खाटूनगरी पहुंच रहे है. जयकारे लगाते हुए बाबा श्याम के दर्शन कर अपनी मन्नतें मांग रहे है मेले में खान-पान और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह भंडारे लगाए गए है. भीड़ मैनेजमेंट और अत्याधुनिक कैमरों के साथ सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की है.