अनियंत्रित कार ने पत्रकार कॉलोनी इलाके में बरपाया कहर, एक की मौत, 15 घायल, गंभीर धाराओं में चालक के खिलाफ मामला दर्ज

अनियंत्रित कार ने पत्रकार कॉलोनी इलाके में बरपाया कहर, एक की मौत, 15 घायल, गंभीर धाराओं में चालक के खिलाफ मामला दर्ज

जयपुर: पत्रकार कॉलोनी इलाके में बीती रात अनियंत्रित ऑडी कार ने कहर बरपाया था. एक की मौत हो गई थी. 15 लोग घायल हुए थे. पुलिस ने मौके से कार में बैठे युवक को हिरासत में लिया था. वहीं सुबह चार बजे एक और युवक को डिटेन किया गया. अब पुलिस ने गंभीर धाराओं में चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

DCP साउथ राजर्षि राज ने पूरी रात इस मामले पर नजर रखी. हादसे के बाद पुलिस की तत्परता ने ही लोगों की जान बचाई. मौके पर पहुंचे थानाप्रभारी मदन कड़वासरा, मुहाना थानाप्रभारी गुरु भूपेंद्र और नारायण विहार थानाप्रभारी गुंजन सोनी ने बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाया था. अब पुलिस ऑडी के मुख्य चालक की तलाश कर रही है.

आपको बता दें कि राजस्थान की राजधानी जयपुर की पत्रकार कॉलोनी में शुक्रवार रात को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे के तुरंत बाद घायलों को अलग–अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया. 13 घायलों को जयपुरिया और SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 3 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. शेष घायलों का दोनों अस्पतालों में इलाज जारी है. इसके अलावा 5 अन्य घायलों को इटरनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.

इधर, SMS ट्रोमा सेंटर में एक और घायल को लाया गया, जिसके बाद अब तक SMS अस्पताल में कुल 5 घायलों को भर्ती कराया जा चुका है. इनमें से एक घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर तुरंत सक्रिय हुए. वे पहले जयपुरिया अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों की स्थिति की जानकारी ली, इसके बाद वे SMS अस्पताल के लिए रवाना हुए.

वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक गोपाल शर्मा भी जयपुरिया अस्पताल पहुंचे. साथ ही CMO में तैनात कई अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और भर्ती घायलों का हालचाल जाना. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है, वहीं अस्पताल प्रशासन घायलों के इलाज में पूरी मुस्तैदी से लगा हुआ है.