जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर स्टेडियम में 650 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आम जनता को पट्टे सौंपे. स्वच्छता सिपाहियों को राशि चेक देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सांगानेर विधानसभा में मैं आया हूं सुबह से ही मेरे मन में कई तरह की बातें आई. आप सभी ने मुझे प्रदेश की सेवा करने का अवसर दिया.
लेकिन मुझे आपको जितना समय देना चाहिए वह मैं आपको नहीं दे पा रहा हूं. अगले साल हम सांगानेर का 500वां स्थापना दिवस मनाएंगे. सांगानेर के मुख्य गेट यहां की प्राचीन धरोहर को दर्शाता है. 1350 करोड़ से पानी बिजली सड़क का विकास कार्य हो रहा है. 4220 करोड़ के 122 कार्यों का लोकार्पण किया गया है. 124 करोड़ के फ्लाई ओवर की नींव आज रखी गई है.
शहरी सेवा शिविर से आम जनता को लाभ मिल रहा:
287 एलिवेटेड रोड का शिलान्यास पीएम ने किया था. सांगाबाबा, जैन मंदिर, त्रिपोलिया हनुमान मंदिर में 5.50 करोड़ की लागत से भोजनशाला व प्रतीक्षालय का निर्माण होगा, शहरी सेवा शिविर से आम जनता को लाभ मिल रहा है. प्रदेश के विकास के लिए लगातार हमारी सरकार काम कर रही है. हमारी सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को लाभ देना है. हमने पार्कों को गोद देकर उनकी अच्छी देखभाल का काम किया है.
कांग्रेस ने ऐसी मेट्रो चलाई जो आज तक घाटे में है:
कांग्रेस ने ऐसी मेट्रो चलाई जो आज तक घाटे में है. उनको ये पता नहीं कि मेट्रो कहां चलानी चाहिए. लेकिन उनको सिर्फ मेट्रो चलाने से मतलब था. पिछले ढाई साल में 1800 करोड़ रुपए के विकास कार्य हुए. 2000 करोड़ रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं. हजारों करोड़ के विकास कार्य और होंगे. कांग्रेस वाले तंज करते हैं मुख्यमंत्री हमेशा दिल्ली जाते हैं. अरे भाई दिल्ली जाते हैं तो कुछ ना कुछ लेकर आते हैं. इनकी समझ में यह नहीं आता है कि MoU क्या होता है?' कांग्रेस के लोग ट्वीट ट्वीट खेलते है.
26 गांव को दिन में बिजली मिल रही:
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 5 साल में जितने काम नहीं हुए उतने तो हमने ढाई साल में कर दिए. 26 गांव को दिन में बिजली मिल रही है. सवा लाख नौकरियां दी है. 4 तारीख को पीएम मोदी आ रहे हैं. आप देखते जाइए उस दिन कितने लोगों को नियुक्ति पत्र मिलता है. कांग्रेस को देखिये की आज देश में कहां है. ये तो विपक्ष की भूमिका भी ठीक तरीके से नहीं निभा रहे हैं.