जयपुरः राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के चुनाव कार्यक्रम के ऐलान के साथ ही भाजपा ने टिकट चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है. पार्टी मुख्यालय पर निकाय चुनाव की तैयारियों के तहत पूर्व विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों और पार्टी के अनुभवी नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर नेताओं से संवाद किया. इसके साथ पार्टी ने दावेदारों की स्क्रीनिंग के लिए 19 बिंदुओं वाला प्रोफार्मा तैयार किया है. बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में बीते विधानसभा चुनाव हारे नेताओं की बैठक हुई.
BJP प्रदेश मुख्यालय पर चुनावी बैठकों का दौर जारी है बीता विधानसभा चुनाव हारे नेताओं की बैठक हुई. सीएम भजन लाल शर्मा ने बैठक में भाग लिया. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ समेत प्रमुख नेता रहे मौजूद. संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि पार्टी के पास ऐसे कई कार्यकर्ता हैं जो पूर्व में चुनाव लड़ चुके हैं, पूर्व विधायक रहे हैं और लंबे समय से संगठन के साथ जुड़े हुए हैं. इन नेताओं के पास ग्राउंड लेवल की जानकारी, कार्यकर्ताओं से संपर्क और चुनाव लड़ने का अनुभव है. ऐसे में निकाय चुनाव में उनके अनुभव का इस्तेमाल किया जाएगा. भाजपा का प्रयास है कि इन अनुभवी नेताओं को चुनावी रणनीति से जोड़ा जाए और स्थानीय स्तर पर मजबूत उम्मीदवारों की पहचान में उनकी भूमिका तय की जाए. पार्टी का दावा है कि इस बार वह निकाय चुनावों में व्यापक जीत का लक्ष्य लेकर चल रही है.
टिकट की दावेदारी करने वाले कार्यकर्ता को अपने नाम के साथ उसी वार्ड से तीन अन्य योग्य दावेदारों के नाम भी देने होंगे. दावेदारों को इन तीन नामों को प्राथमिकता के क्रम में सुझाना होगा. यानी पार्टी यह जानने की कोशिश करेगी कि संबंधित वार्ड में दावेदार की नजर में उसके अलावा कौन-कौन से कार्यकर्ता चुनाव जीतने की क्षमता रखते हैं. पार्टी के 19 बिंदुओं वाले प्रोफार्मा में दावेदार से सिर्फ अपनी दावेदारी की जानकारी ही नहीं, बल्कि उसी वार्ड से तीन अन्य योग्य दावेदारों के नाम भी मांगे गए हैं. दावेदारों को इन तीन नामों को प्राथमिकता के क्रम में सुझाना होगा. इसके तहत पार्टी यह भी जानना चाह रही है कि संबंधित वार्ड में दावेदार की नजर में कौन-कौन से अन्य कार्यकर्ता चुनाव जीतने की क्षमता रखते हैं. इससे पार्टी के पास एक ही वार्ड के संभावित उम्मीदवारों का व्यापक पैनल तैयार होगा. प्रोफार्मा में दावेदार की संगठनात्मक सक्रियता, भाजपा की सदस्यता, पूर्व दायित्व, चुनाव लड़ने का अनुभव और स्थानीय पकड़ के साथ अन्य जानकारियां भी मांगी गई हैं. इसके अलावा आपराधिक प्रकरण, निकाय से जुड़ा बकाया और पूर्व में पार्टी की कार्रवाई जैसी जानकारी भी देनी होगी इस प्रक्रिया के जरिए भाजपा व्यक्तिगत दावेदारी के बजाय वार्ड में संभावित जीताऊ चेहरों का आकलन करने की तैयारी में है. टिकट चयन के दौरान दावेदार द्वारा सुझाए गए तीन नाम भी पार्टी के लिए फीडबैक का आधार बन सकते हैं. भाजपा ने निकाय चुनाव के लिए घोषणापत्र की तैयारी भी शुरू कर दी है. प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि घनश्याम तिवाड़ी की अध्यक्षता में 13 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति बनाई गई है. समिति अलग-अलग निकायों से सुझाव ले रही है और प्रत्येक निकाय की स्थानीय जरूरतों के आधार पर घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा. इस रणनीति के जरिए भाजपा प्रदेश स्तर के मुद्दों के साथ-साथ शहर और वार्ड स्तर की समस्याओं को भी चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है.