PM आवास योजना की किश्त पर रिश्वत का खेल, 4500 रुपए की रिश्वत लेते VDO रंगे हाथ गिरफ्तार, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी का एक्शन लगातार जारी है. इस बार बाड़मेर एसीबी ने बालोतरा जिले की एक ग्राम विकास अधिकारी को प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किश्त जारी करने के नाम पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि जिओ टैगिंग फोटो ऑनलाइन करने के बदले 4500 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी. 

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर बाड़मेर एसीबी चौकी ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत जूनाखेड़ा, पंचायत समिति धोरीमन्ना, जिला बालोतरा की ग्राम विकास अधिकारी सपना कुमारी को 4500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया. कार्रवाई कस्बा धोरीमन्ना स्थित भादू मार्केट में आरोपी के किराए के मकान पर की गई.जानकारी के अनुसार परिवादी की पत्नी के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में आवास स्वीकृत हुआ था. मकान निर्माण पूरा होने के बाद तीसरी किश्त के 60 हजार रुपये जारी होने थे. आरोप है कि जिओ टैगिंग के फोटो ऑनलाइन अपलोड करने और किश्त पारित कराने के बदले ग्राम विकास अधिकारी ने 4500 रुपये की रिश्वत की मांग की.

परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी बाड़मेर को दी. शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई. तय योजना के अनुसार जैसे ही परिवादी ने आरोपिता को 4500 रुपये दिए, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. रिश्वत की पूरी राशि आरोपिता के आवास से बरामद कर ली गई.यह कार्रवाई एसीबी रेंज जोधपुर की पुलिस अधीक्षक श्रीमती पी.डी. नित्या के सुपरविजन, बाड़मेर एएसपी नरेन्द्र कुमार के निर्देशन तथा निरीक्षक देवाराम चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दी. एसीबी अब आरोपिता से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं.    

प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजना में रिश्वतखोरी का यह मामला एक बार फिर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है. फिलहाल एसीबी मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है.