बून्दी: मौसम के मिजाज में अचानक बदलाव देखने को मिला.मौसम ने करवट बदली है. सुबह से ही आकाश में बादलों की आवाजाही बनी रही और दिनभर सूर्यदेव बादलों में छिपे रहे. कई बार रुक रुक कर बारिश होने से ठंडी हवाओं के चलने से मौसम में नमी और ठंडक घुल गई, जिससे लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ.
मौसम में आए इस बदलाव से आम जनजीवन पर असर पड़ा. लोगों की दिनचर्या बदली-बदली नजर आई. सुबह-शाम लोग गर्म कपड़ों में नजर आए. बाजारों में चाय की थड़ियों पर भीड़ बढ़ गई है. लेकिन किसानों के लिए राहत की खबर है. किसानों के अनुसार इस मौसम से रबी की फसल, विशेषकर चना, सरसों और गेहूं की बुवाई के लिए नमी फायदेमंद साबित होगी.
तापमान में आ सकती है और गिरावटः
दीपावली के बाद ठंड धीरे-धीरे बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार अक्टूबर के अंत में ही ठंडी हवाओं ने दस्तक दे दी है.मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है. लोगों को सलाह दी गई है कि बदलते मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें.
वहीं दूसरी ओर जयपुर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है. पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी इलाकों में भी बारिश के आसार है. सीमावर्ती पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. बीते 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है.