जयपुरः दिल्ली में एक नवंबर को होने वाली कांग्रेस की महारैली के लिए यूथ कांग्रेस ने माहौल बनाने की कोशिश की है, लेकिन जयपुर में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी के बावजूद माहौल फीका ही रहा. जयपुर में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब की अगुवाई में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' के नारे के साथ शहीद स्मारक से पीसीसी दफ्तर तक उलटी दिशा में पैदल मार्च निकाला गया. लेकिन जयपुर के इस मार्च में कार्यकर्ताओं की कम संख्या ने कांग्रेस की तैयारियों और संगठन की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए. वहीं, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के खिलाफ युवा कांग्रेस ने डिजिटल कालिख अभियान छेड़कर सियासी मोर्चा खोल दिया है.
वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन की एक नवम्बर को दिल्ली में बड़ी रैली करने का फैसला किया है. इस रैली में राजस्थान से कांग्रेस के एक लाख कार्यकर्ताओ के पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है. इनमे से पांच हजार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओ के पहुंचने का लक्ष्य मिला है. इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए यूथ कांग्रेस ने आज जयपुर में तैयारी शुरू कर दी और एक पैदल मार्च भी निकाला, खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने मार्च का नेतृत्व किया लेकिन वे भीड़ नहीं जुटा सके. मुश्किल से 150 युवा कांग्रेसी ही शहीद स्मारक से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तक निकले पैदल मार्च में नजर आये, दावा पांच हजार कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने का है, लेकिन जयपुर के मार्च में सीमित मौजूदगी ने संगठन की जमीनी ताकत को लेकर सवाल खड़े किए. बताया जा रहा है कि आधे जिला अध्यक्ष भी मार्च में नहीं पहुंचे. ऐसे में सवाल है कि जब राजधानी में ही कार्यकर्ताओं की संख्या सीमित रही, तो दिल्ली की महारैली के लिए पांच हजार युवाओं को जुटाने का लक्ष्य कैसे पूरा होगा? इस बीच उदयभानु चिब ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है बल्कि यह देश के भविष्य का मुद्दा है.
युवा कांग्रेस ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की महारैली को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज करने का दावा किया है. प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उदयभानु चिब ने युवा कांग्रेस के निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में अभिषेक चौधरी व अनिल चोपड़ा सहित कई युवा नेता मौजूद रहे.चिब ने राजस्थान से पांच हजार कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने का लक्ष्य दोहराया. उन्होंने बताया कि दिल्ली बॉर्डर और रामलीला मैदान के आसपास अलग-अलग चेक पोस्ट बनाए जाएंगे, जहां विभिन्न राज्यों से आने वाले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मॉनिटरिंग की जाएगी. इधर, जयपुर में युवा कांग्रेस ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के खिलाफ 'डिजिटल कालिख' अभियान की शुरुआत भी की. युवा कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी ने इस अभियान को शुरू करते हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विरोध दर्ज कराने की अपील की.
यह विरोध मदन राठौड़ के कथित विवादित बयान को लेकर किया जा रहा है. युवा कांग्रेस ने उनसे माफी मांगने या इस्तीफा देने की मांग की है. संगठन ने ऐलान किया है कि माफी या इस्तीफा नहीं होने तक अभियान जारी रखा जाएगा.
कुल मिलाकर राजस्थान में युवा कांग्रेस के सामने दोहरी चुनौती है. वोट बचाओ अभियान के जरिए बीजेपी को घेरना और दिल्ली की महारैली के लिए पांच हजार कार्यकर्ताओं का लक्ष्य हासिल करना. अब असली परीक्षा दिल्ली के रामलीला मैदान में होगी, जहां नारों से आगे बढ़कर भीड़ की संख्या कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन की तस्वीर साफ करेगी.