जोधपुर (राजीव गौड़ ): नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे आसाराम ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद मंगलवार शाम 5 बजे तक जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर नहीं किया. निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद जेल प्रशासन सख्त हो गया है. जेल अधीक्षक प्रमोद सिंह ने फर्स्ट इंडिया को बताया कि तय समय पर सरेंडर नहीं करने के मामले में आसाराम के खिलाफ FIR दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए रातानाडा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.
आसाराम के सरेंडर की समय सीमा समाप्त होने के बाद जेल के बाहर उसके भक्तों की बड़ी संख्या में मौजूदगी देखी गई. पैरोल अवधि समाप्त होने पर आसाराम को 27 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक जेल में वापस सरेंडर करने के निर्देश दिए गए थे. सुप्रीम कोर्ट पहले ही मेडिकल पैरोल बढ़ाने की याचिका खारिज कर चुका है. आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट ने 6 अक्टूबर को 20 दिन की मेडिकल पैरोल दी थी, जिसके आधार पर वह जेल से बाहर आया था.
निर्धारित समय पर सरेंडर नहीं करने के कारण अब आसाराम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी तेज हो गई है. FIR दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर सकती है. इसके लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को सक्रिय करने की तैयारी है. अब इस मामले में जेल प्रशासन और पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी. जोधपुर की सेंट्रल जेल के बाहर बड़ी संख्या में अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं का यही कहना है कि जल्द से जल्द आसाराम बापू स्वस्थ हो जाए यही ईश्वर से उनकी प्रार्थना है.