जयपुरः जयपुर में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी हो गई है. अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल रवाना हो गए है. 28 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान होना है. 30 अक्टूबर को पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान होगा. जयपुर की 5 पंचायत समितियों में 413 मतदान केंद्रों पर चुनाव होगा.
आमेर में 113, जालसू में 81 और रामपुरा डाबड़ी में 79 मतदान केंद्र, शाहपुरा में 63 और अमरसर में 77 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा. दूसरे चरण में 81 पंचायत समिति वार्ड और 112 ग्राम पंचायतें शामिल है. 3 लाख 78 हजार 364 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. 20 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना होगी.
जिला परिषद के 124 वार्डों में भी चुनाव होगा:
दूसरे चरण में प्रदेश के 22 जिलों की 352 पंचायत समितियों के 3,620 ग्राम पंचायत वार्डों में चुनाव होने है. जिला परिषद के 124 वार्डों में भी चुनाव होगा. कुल 2,197 पंचायत समिति वार्ड और 3,620 ग्राम पंचायत वार्ड है. दूसरे चरण के चुनाव के लिए कुल 1 करोड़ 6 लाख 32 हजार 634 मतदाता है. इनमें 55,07,021 पुरुष और 51,25,566 महिला मतदाता शामिल है. 47 अन्य श्रेणी के मतदाता भी सूची में शामिल है. कुल 33,734 मतदान केंद्र और 11,780 सहायक मतदान केंद्र प्रस्तावित है.
कोटा में सबसे कम 6 पंचायत समितियांः
जोधपुर में सर्वाधिक 34 पंचायत समितियां और 442 ग्राम पंचायत वार्ड, सीकर और जालोर में जिला परिषद के सर्वाधिक 23-23 वार्ड, कोटा में सबसे कम 6 पंचायत समितियां और 47 ग्राम पंचायत वार्ड है.