पंचायतीराज चुनाव का दूसरा चरण: बीकानेर में कल 3.35 लाख मतदाता करेंगे मतदान, 5 पंचायत समितियों के 382 बूथों पर होगी वोटिंग

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के तहत बुधवार को पांच पंचायत समितियों में मतदान होगा. कोलायत, बीठनोक, बज्जू, हदां और बीकानेर पंचायत समिति क्षेत्रों की 137 ग्राम पंचायतों में 382 मतदान केंद्रों पर करीब 3 लाख 35 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इस दौरान जिला परिषद के 11 सदस्यों सहित पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा.

दूसरे चरण के मतदान को लेकर मतदान दलों की रवानगी शुरू हुई. इस दौरान फर्स्ट इंडिया न्यूज से खास बातचीत में जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि पहले चरण में मतदान प्रतिशत अच्छा रहा और मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला.

दूसरे चरण में भी बेहतर मतदान की उम्मीद है. दूसरे चरण में बीकानेर पंचायत समिति में 130, बज्जू खालसा में 92, कोलायत में 65, हदां में 50 और बीठनोक में 45 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मतदान दलों की रवानगी के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेद सिंह रतनू, रिटर्निंग अधिकारी राजेश नायक, आईएएस स्वाति शर्मा और अभिषेक मनुगर्ग सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.