करौलीः हिण्डौन सिटी में रसोई गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में आग लग गई. जिसके चलते अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग कमरे में फैल गई. ऐसे में महिला कमला और पुत्र योगेश ने घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. खाना बनाते समय अचानक चूल्हा भभक गया.
पड़ोसियों ने जान जोखिम में डालकर जलते सिलेंडर को कमरे से बाहर निकाला. गीला कपड़ा डालकर रेगुलेटर से निकल रही गैस की आग पर काबू पाया. आग बुझाने के प्रयास में योगेश के हाथ-पैर झुलस गए. हालांकि बड़ा हादसा टल गया. वॉशिंग मशीन, मिक्सी, म्यूजिक सिस्टम और चार मोबाइल सहित घरेलू सामान जल गया.
हिण्डौन सिटी की हनुमान कॉलोनी, पानी की टंकी के पास की ये घटना है. पीड़ित परिवार के अनुसार करीब 1 लाख रुपए का सामान और 5हजार की नकदी खाक हो गई. सूचना पर नगर परिषद की दमकल पहुंची, लेकिन इससे पहले स्थानीय लोग आग बुझा चुके थे. पीड़ित मुकेश सब्जी की रेहड़ी लगाकर परिवार चलाता है.