जयपुरः राजस्थान की राजधानी जयपुर को रेल संपर्क के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिली है. खातीपुरा रेलवे स्टेशन से सांतरागाछी (पश्चिम बंगाल) के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेन का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. वहीं पश्चिम बंगाल के मुख्यंमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े. जयपुर के खातीपुरा स्टेशन पर आयोजित समारोह में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, ग्रेटर नगर निगम महापौर सुनील कोठारी, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे.
जयपुर को मिली नई रेल सौगात
खातीपुरा से सांतरागाछी सुपरफास्ट ट्रेन शुरू
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दिखाई हरी झंडी
राजस्थान, हरियाणा, यूपी, बिहार और बंगाल को जोड़ेगी नई ट्रेन
जयपुर में रह रहे बंगाली समुदाय को मिलेगा सीधी रेल सेवा का लाभ
रोजगार, व्यापार और शिक्षा के लिए यात्रियों की यात्रा होगी आसान और सुविधाजनक
नई ट्रेन के संचालन से राजस्थान और पश्चिम बंगाल के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी. यह ट्रेन राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों को आपस में जोड़ते हुए लाखों यात्रियों को लाभ पहुंचाएगी. अब तक जोधपुर से पश्चिम बंगाल के लिए रेल सेवा उपलब्ध थी, लेकिन जयपुर से सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था. विशेष रूप से जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए यह ट्रेन बड़ी राहत लेकर आई है. रोजगार, व्यापार, शिक्षा और पारिवारिक कारणों से जयपुर में निवास कर रहे बंगाली समुदाय को अब अपने गृह राज्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त यात्रा नहीं करनी पड़ेगी.कार्यक्रम के दौरान सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर और राजस्थान की रेल आवश्यकताओं को हमेशा प्राथमिकता दी है. उन्होंने बताया कि इससे पहले खातीपुरा से बिहार के लिए भी रेल सेवा शुरू की गई थी और अब बंगाल के लिए नई ट्रेन की शुरुआत से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि देश में रेलवे का तेजी से विस्तार हो रहा है और रेल नेटवर्क पहले से कहीं अधिक मजबूत बन रहा है.
खातीपुरा से सांतरागाछी के लिए शुरू हुई यह नई रेल सेवा केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि दो राज्यों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करने वाली कड़ी साबित होगी. नई ट्रेन की शुरुआत के साथ जयपुर को एक और नई रेल सौगात मिली है, जो आने वाले समय में यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र के विकास की रफ्तार दोनों को नया आयाम देने का काम करेगी.