20 रुपए की कचौरी खाने रुका व्यापारी, गंवा बैठा 20 लाख रुपए! जयपुर में हैरान करने वाली वारदात

जयपुर में 20 रुपए की कचौरी खाने रुके व्यापारी की स्कूटी से 20 लाख रुपए से भरा बैग ले उड़े बदमाश। (AI जनरेटेड काल्पनिक चित्र)

जयपुर में 20 रुपए की कचौरी खाने रुके व्यापारी की स्कूटी से 20 लाख रुपए से भरा बैग ले उड़े बदमाश। (AI जनरेटेड काल्पनिक चित्र)

जयपुर: राजधानी जयपुर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक व्यापारी को महज 20 रुपए की कचौरी खाना भारी पड़ गया. व्यापारी अपनी स्कूटी के आगे 20 लाख रुपए से भरा बैग रखकर कचौरी खाने रुका था. इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश मौका पाकर नोटों से भरा बैग उठाकर फरार हो गए. पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

कचौरी खाने रुका व्यापारी, बदमाश ले उड़े 20 लाख रुपए:
जानकारी के मुताबिक, घटना जयपुर के नाहरगढ़ थाना इलाके की है. पीड़ित व्यापारी चंपालाल अपनी स्कूटी से जा रहे थे. स्कूटी के आगे रखे बैग में करीब 20 लाख रुपए नकद थे. इस दौरान व्यापारी एक दुकान पर 20 रुपए की कचौरी खाने के लिए रुके. इसी बीच बाइक पर सवार दो बदमाशों ने मौका देखकर स्कूटी पर रखा रुपयों से भरा बैग उठा लिया और मौके से फरार हो गए.

CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात:
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई. फुटेज में बाइक सवार दो संदिग्ध बदमाश नजर आने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने में जुटी है.

सूचना मिलते ही पुलिस ने करवाई नाकाबंदी:
वारदात की सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थाना पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाई. हालांकि, अब तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है. पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं. इस मामले में पीड़ित व्यापारी चंपालाल की शिकायत पर नाहरगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश कर रही है.