जयपुर: छात्रा अमायरा की मौत मामले में जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल की मान्यता रद्द कर दी गई. CBSE ने एक्शन लेते हुए की स्कूल की मान्यता रद्द कर दी. 1 नवंबर को अमायरा ने स्कूल की चौथी मंजिल से कूद कर जान दे दी थी. इसके बाद CBSE की जांच कमेटी ने स्कूल का निरीक्षण किया था. सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के चलते स्कूल की मान्यता की रद्द कर दी. अब स्कूल में पढ़ रहे बच्चों के भविष्य को लेकर अभिभावक चिंतित है.
नीरजा मोदी स्कूल की मान्यता रद्द होने पर स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को मैसेज भेजा है. विद्यालय को CBSE से कक्षा 9वीं से 12वीं के संबंध में विद्यालय के विरुद्ध कार्रवाई का आदेश प्राप्त हुआ है. हालांकि, यह स्पष्ट है कि वर्तमान सत्र 2025-26 के लिए किसी भी कक्षा या किसी भी छात्र पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.
हम आदेश का अध्ययन कर रहे हैं, हम आपको आश्वस्त करते हैं कि विद्यालय के प्रत्येक छात्र के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हम सभी आवश्यक कदम उठाएंगे. यह हमारे पूरे विद्यालय समुदाय के लिए अत्यंत भावनात्मक रूप से कठिन समय है. हम आपको आश्वस्त करना चाहते हैं कि यह परिणाम हमारी क्षमता के अनुरूप हर संभव प्रयास करने के बावजूद आया है. हर कदम पर, हमारे निर्णय बच्चों के प्रति सावधानी, जिम्मेदारी और अटूट प्रतिबद्धता से प्रेरित रहे हैं. यद्यपि यह समाचार दुखद है.
कृपया जान लें कि हमारा पूरा ध्यान अपने छात्रों की शिक्षा और कल्याण की सुरक्षा पर केंद्रित है. हम इस समय निरंतरता, स्थिरता और सहयोग सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं और हम पारदर्शिता और सहानुभूति के साथ संवाद करना जारी रखेंगे. इस कठिन समय में हम सभी के साथ मिलकर आगे बढ़ने के लिए आपके विश्वास', 'धैर्य और प्रार्थनाओं का विनम्र अनुरोध करते हैं.
गौरतलब हैं कि एक नवंबर को जयपुर के मानसरोवर स्थित नीरजा मोदी स्कूल में छठी क्लास की नौ साल की छात्रा अमायरा ने स्कूल की पांचवी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी थी. इस बाद राजधानी जयपुर में जमकर बवाल मचा था. वहीं अब करीब दो महीने बाद इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीएसई ने स्कूल की मान्यता रद्द कर दी है.