सावन के तीसरे सोमवार पर शिव भक्ति में शिवमय छोटी काशी, प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही शिव भक्तों का उमड़ा सैलाब

सावन के तीसरे सोमवार पर शिव भक्ति में शिवमय छोटी काशी, प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही शिव भक्तों का उमड़ा सैलाब

जयपुर : सावन के तीसरे सोमवार पर शिव भक्ति में छोटी काशी शिवमय हो गई है. शिवालयों में हर हर महादेव, सड़कों पर बम बम भोले के जयकारे लग रहे हैं. प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही शिव भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है. बम-बम भोले के जयकारों के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं.

ताडकेश्वर महादेव, झाड़खंड महादेव, धुलेश्वर महादेव, रोजगारेश्वर महादेव, चमत्कारेश्वर महादेव, जंगलेश्वर महादेव, आमेर के भूतेश्वर महादेव, अंबकेश्वर महादेव समेत शहर के अधिकांश शिवालयों में भक्तों का तांता लगा हुआ है. मंदिरों में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय पाठ के साथ सहस्त्रधारा के आयोजन हो रहे हैं.

वहीं झाड़खंड महादेव मंदिर में गंगाजल से महाशिवाभिषेक हो रहा है. धर्म फाउंडेशन द्वारा हरिद्वार से दो टैंकरों से गंगा जल मंगवाया गया है. सावन के तीसरे सोमवार पर आज नाग पंचमी, रवि योग, सिंह संक्रांति,  बुधादित्य सहित 9 दुर्लभ शुभ योगों का अद्भुत महासंयोग बन रहा है. जो शिव और नाग देवता की पूजा के लिए अत्यंत फलदायी माना जाता है.