नई दिल्ली: हरियाणा कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि आज की कैबिनेट बैठक में कुल 21 एजेंडे रखे गए जिनमें से 19 मंजूर किए गए हैं. बैठक में विधानसभा का शीतकालीन सत्र आहूत करने पर विचार-विमर्श हुआ.
शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर से शुरू करने पर सहमति बनी है. कैबिनेट ने 6 जिलों के गांवों की तहसील बदलने को मंजूरी दी है. नागरिकों को जमीनी स्तर पर बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए बैठक में 6 जिलों के 17 गांवों और सेक्टरों को एक तहसील से दूसरी तहसील में स्थाननांतरित करने को मंजूरी दी है.
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से सरकार के पास मांग आई थी. जिसके लिए हरियाणा सरकार ने एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है. कमेटी द्वारा सभी मानकों पर विचार करके गांवों को एक तहसील से दूसरी तहसील में बदलने की अनुशंसा प्रदान की है.
मंत्रिमंडल बैठक में टूरिस्ट परमिट के तहत चलने वाली टूरिस्ट गाड़ियों की अवधि तय करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है. ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट की NCR क्षेत्र में चलने वाली पेट्रोल या CNG की गाड़ियों के लिए अधिकतम अवधि 12 साल तय की गई है. इसी श्रेणी में डीजल गाड़ियों के लिए अधिकतम अवधि 10 साल तय की गई है.