जयपुरः राज्यसभा की 37 सीटों पर 16 मार्च को मतदान होगा. कांग्रेस को 37 सीटों में से संख्या बल के हिसाब से 5 सीटें मिलने की पूरी उम्मीद है. कांग्रेस को छत्तीसगढ़,हिमाचल प्रदेश,हरियाणा में एक-एक सीट औऱ तेलंगाना में दो सीटें मिलने की उम्मीद है. अभिषेक मनु सिंघवी का तेलंगाना से फिर रिपीट होना तय है. बाकी जगह राज्यसभा से जाने के लिए कई वरिष्ठ नेता कतार में है.
37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग ने शेड्यूल जारी कर दिया है. 5 मार्च को नामांकन की आखिरी तारीख है और 16 मार्च को मतदान होगा. विधायकों के संख्या बल के आधार पर चार राज्यों में 37 में से 5 सीटें कांग्रेस के खाते में जाती दिख रही है.
तेलंगाना में कांग्रेस को दो सीट मिल सकती है. एक सीट तो मिलना तय है दूसरी सीट के लिए चार अतिरिक्त विधायकों की जरूरत पड़ेगी. कांग्रेस की सत्ता होने के चलते अन्य विधायकों का समर्थन मिलने की पूरी उम्मीद है. तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी का रिपीट होना तय है. दूसरी सीट पर उपराष्ट्रपति के प्रत्याशी रहे पूर्व जस्टिस सुदर्शन रेड्डी का नाम चल रहा है.
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को एक सीट मिलेगी. टीएस सिंह देव और फूलो देवी नेताम के नाम चर्चाओं में है. वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल का भी नाम चल रहा है.
हिमाचल प्रदेश से भी एक सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी. यहां आनंद शर्मा औऱ प्रतिभा सिंह के नाम राज्यसभा के लिए चल रहे है.
हरियाणा में भी राज्यसभा की एक सीट कांग्रेस के पाले में जाएगी. राज बब्बर,सुप्रिया श्रीनेत,अनिल जयहिंद और उदयभान सिंह के नाम चर्चाओं में है. सामने आ रहा है कि भूपेन्द्र हुड्डा से चर्चा के बाद ही फाइनल नाम तय होगा.
फिलहाल कांग्रेस में एक नाम अभिषेक सिंह सिंघवी का नाम तय बताया जा रहा है. बाकी उम्मीदवारों का फैसला दस जनपथ से तय होगा. सामने आ रहा है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी औऱ अध्यक्ष खड़गे फाइनल नाम पर मुहर लगाएंगे. इसके अलावा कांग्रेस तमिलनाडु और ओडिशा में एक-एक सीट जीतने की कोशिश में है. लेकिन डीएमके और बीजद पार्टी के समर्थन के बिना यह कतई संभव नहीं होगा. लिहाजा पार्टी की टॉप लीडरशिप खुद सीएम स्टालिन और नवीन पटनायक से बातचीत करने में जुटी हुई है.
कांग्रेस थिंक टैंक का पूरा प्रयास फिलहाल यह है कि इंडिया गठबंधन औऱ अन्य दलों से बातचीत करते हुए राज्यसभा में अपनी ताकत बढ़ाई जाए. लेकिन 37 सीटों में से यह तय है कि 5 सीटें तो फिलहाल कांग्रेस के खाते में जाएगी. ऐसे में कांग्रेस में स्थित एक अनार सौ बीमार जैसी है. कईं दिग्गज राज्यसभा में जाने के लिए लॉबिंग में जुटे हुए हैं. ऐसे में अब देखना होगा कि गांधी परिवार की मेहरबानी किन पर होती है.
राज्यसभा चुनाव का रण
अगले माह 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव
कांग्रेस को 5 सीटें मिलने की उम्मीद
कईं दिग्गज जुटे राज्यसभा जाने की कतार में
4 राज्यों में 5 सीटें जा सकती है कांग्रेस के खाते में
हिमाचल,हरियाणा औऱ छत्तीसगढ़ में मिल सकती है एक-एक सीट
तेलंगाना से कांग्रेस को मिल सकती है दो सीट
अभिषेक मनु सिंघवी का फिर से रिपीट होना तय
शेष 4 सीटों के प्रत्याशी सोनिया,राहुल गांधी औऱ खड़गे करेंगे तय