नवंबर की गुलाबी ठंड, रोशनी से सजा शहर, चौपड़ों की चहल-पहल और हवा में घुली एक खास महक. यह कोई संयोग नहीं, बल्कि हमारे जयपुर की पहचान है. 18 नवंबर को दुनिया के सबसे अनूठे नियोजित नगरों में से एक, जयपुर अपना स्थापना दिवस मनाता है. 1727 ई. में महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय (1688-1743 ई.) द्वारा बसाया गया यह शहर आज 299 साल का हो रहा है. उन्होंने यूरोप, मध्य एशिया और मध्य पूर्व के नगरों का अध्ययन करवाकर, वास्तु और शिल्प ग्रंथों के गहन परीक्षण के बाद जयपुर की नींव रखी थी. यही वजह है कि यह शहर केवल इमारतों और बाजारों का नाम नहीं, बल्कि विचार, संस्कृति, विज्ञान और सह-अस्तित्व का जीवंत दस्तावेज़ है, जो आज भी अपनी मूल आत्मा को संजोए हुए आधुनिकता के साथ कदम-ताल कर रहा है. एक कला प्रेमी, विरासत के विद्यार्थी और कला और संस्कृति के क्षेत्र से जुड़े होने के नाते, मैंने जयपुर को सिर्फ़ इमारतों से नहीं, बल्कि एक जीती-जागती कलाकृति की तरह महसूस किया है.
ना जोयो जयपुरियो, तो जग में आके की करियो.
वैश्विक अनुभवों के आईने में जयपुर की विरासत और कलाओं का क्रॉस-रेफ़रेंस
बीकानेर के पारंपरिक उस्ता कला परिवार से जुड़ी मेरी जड़ें, इंग्लैंड में प्राप्त उच्च शिक्षा और आयरलैंड, क़तर, दक्षिण कोरिया तथा हांगकांग आदि कई देशों की मेरी अंतरराष्ट्रीय यात्राओं ने मुझे विभिन्न संस्कृतियों को गहराई से समझने और उन्हें क्रॉस-रेफ़रेंस करने की एक नई व व्यापक दृष्टि दी है. मैंने यहाँ कला संरक्षण की बारीकियों को समझने के अलावा ये अनुभव किया कि दुनिया भर में अपनी प्राचीन जड़ों को आधुनिकता से जोड़ने और इस सॉफ्ट पॉवर को मजबूत करने की होड़ सी है. दक्षिण कोरिया में किमची बनाने की सामूहिक परंपरा, आयरलैंड का पारंपरिक लोक संगीत व हर्लिंग खेल, क़तर की मजलिस बैठकों और बाज़ पालने की परंपरा, या हांगकांग के पारंपरिक शिल्प और लोक उत्सव उनके यू.एस.पी. हो सकते है, लेकिन जब मैं अपनी जड़ों की तरफ लौटता हूँ, तो यह अहसास और गहरा हो जाता है कि दुनिया जिन विरासतों को संग्रहालयों और सांस्कृतिक संस्थानों में संजोती है और प्रस्तुत करती है, वह लिविंग हेरिटेज हमारे जयपुर की गलियों और चौपड़ों में रोज़ साँस लेती है. मनिहारों के रास्तों में भट्ठियों की आँच पर पिघलती लाख और चूड़ियों की खनक से लेकर ठठेरों की हथौड़ियों की लयबद्ध थाप, और मूर्ति मोहल्ले में मूर्तिकारों की छेनी से उभरती आकृतियाँ, यहाँ की हर गली को एक इंटरैक्टिव कार्यशाला बनाती है.
नवग्रह, चौपड़ और गुणीजन सम्मान की संस्कृति
भारतीय परंपरा की तरह जयपुर की सबसे बड़ी खूबी इसका सदैव स्वागत और प्रतिभाओं का सम्मान करने वाला स्वभाव रहा है, जो उन्हें उनकी उत्पत्ति से नहीं बल्कि क्षमता से पहचानता है. बंगाल के वास्तुकार विद्याधर भट्टाचार्य ने वास्तुशास्त्र और शिल्पशास्त्र को आधार बनाते हुए नौ ग्रहों के प्रतीक नौ चौकड़ियों वाले इस शहर का नक्शा बनाया. बड़ी और छोटी चौपड़ केवल यातायात के मार्ग नहीं, बल्कि सामाजिक संवाद और सामुदायिक जीवन की धड़कन थीं. आधुनिक जयपुर को आकार देने में सर मिर्ज़ा इस्माइल की महत्वपूर्ण भूमिका रही, तो गोवा मूल के वास्तुकार चार्ल्स कोरिया ने इसी नवग्रह सिद्धांत पर जवाहर कला केंद्र भवन की रचना की. जयपुर की यही तासीर रही है कि वह नए विचारों का स्वागत करता है, लेकिन अपनी जड़ों से कभी दूर नहीं जाता.
36 कारखाने: आत्मनिर्भरता और कला संरक्षण का अद्भुत मॉडल
महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय द्वारा स्थापित 36 कारखाने केवल प्रोडक्शन यूनिट्स नहीं, बल्कि उस समय के कला, शिल्प और प्रशासनिक कौशल के केंद्र थे. ये 18वीं सदी में ही मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत का एक बेजोड़ व्यावहारिक मॉडल थे. कला और कलाकारों के लिए गुणीजनखाना, मूल्यवान वस्त्रों के लिए कपड़द्वारा, दुर्लभ पांडुलिपियों के लिए पोथीखाना, चित्रकारों के लिए सूरतखाना, और शाही इत्र बनाने वाला इत्रखाना जैसी सुनियोजित व्यवस्थाओं ने हजारों कलाकारों को संरक्षण दिया. आज भले ही ये कारखाने अपने मूल स्वरूप में नहीं हैं, लेकिन मीनाकारी, कुंदन-जड़ाऊ आभूषण, ब्लू पॉटरी, सांगानेरी प्रिंट और लघु चित्रकला, कठपुतली और तमाशा नाट्य आदि के रूप में उनकी विरासत जीवित है.
गुलाबी पहचान, कलाओं का संस्थागत स्वरूप और समरसता
जयपुर की स्थापना के समय इमारतें मुख्य रूप से सफेद और पीले रंग की थीं. 1876 में प्रिंस ऑफ वेल्स के स्वागत में महाराजा सवाई रामसिंह द्वितीय (1833-1880 ई.) ने शहर को गुलाबी (गेरुआ और कली) रंग से रंगवाया, जो आज इसकी वैश्विक पहचान बन चुका है. महाराजा सवाई रामसिंह द्वितीय का समय जयपुर में आधुनिक कला, शिक्षा और तकनीकी पुनर्जागरण का सुनहरा माना जाता है. इसी विजन के तहत, कला के क्षेत्र में उनका सबसे क्रांतिकारी कदम मद्रास स्कूल ऑफ़ आर्ट्स और ब्रिटिशकालीन कला विद्यालयों की तर्ज पर जयपुर में कला और शिल्प को संस्थागत रूप देना था. उन्होंने 1857 में मदरसा-ए-हुनरी की स्थापना की, जो 1886 में महाराजा स्कूल ऑफ़ आर्ट्स एंड क्राफ्ट्स और बाद में 1988 से राजस्थान स्कूल ऑफ़ आर्ट्स के नाम से प्रतिष्ठित हुआ. महाराजा ने देश-विदेश और अन्य कला-केंद्रों से प्रतिष्ठित चित्रकारों, शिल्पकारों और कलाकारों को विशेष रूप से जयपुर बुलवाया, जिन्होनें यहाँ के स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों को मूर्तिकला, चित्रकला, फोटोग्राफी और वास्तुकला की आधुनिक एवं उन्नत ट्रेनिंग दी. महाराजा रामसिंह द्वितीय के इन दूरदर्शी प्रयासों और इस अनूठी शिक्षण परंपरा ने जयपुर के पारंपरिक शिल्पों को एक नया जीवन और अमर पहचान दी. इसके अलावा, यहाँ के मंदिरों, सूफी संतों की दरगाहों और गुरुद्वारों ने, इस शहर ने साझी विरासत की अद्भुत मिसाल पेश की है. विश्वविख्यात जयपुर कथक घराना और शास्त्रीय संगीत की प्रतिष्ठित डागर वाणी भी इसी समन्वित संस्कृति की देन हैं.
बढ़ती फेस्टिविटी और रोजगार
आज जयपुर की फेस्टिविटी केवल बड़े आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि निजी स्तर पर होने वाले ओपन माइक, पोएट्री सेशंस, स्वतंत्र थिएटर और आर्ट गैलरियों से इसे नई ऊर्जा मिल रही है. कभी जो काम शाही कारखाने करते थे, वही आज जयपुर की क्रिएटिव इकोनॉमी कर रही है. हस्तशिल्प, हेरिटेज टूरिज्म, फैशन और स्टार्टअप्स जैसी पहल हमारी पारंपरिक कलाओं को वैश्विक बाजार से जोड़ रही हैं. आज जयपुर शहर यूनेस्को विश्व धरोहर शहर के रूप में सम्मानित है. 299 वर्षों की यह यात्रा हमें सिखाती है कि आधुनिकता तभी सार्थक होती है जब वह अपनी जड़ों से जुड़ी रहे. आइये, इस स्थापना दिवस पर हम अपनी विरासत को सहेजने और इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का संकल्प लें.
हैप्पी बर्थडे, जयपुर! तुम केवल एक शहर नहीं, बल्कि जीवित संस्कृति और रचनात्मकता का अद्भुत जलसाघर हो.
अब्दुल लतीफ उस्ता
कला एवं विरासत विशेषज्ञ