प्रतीकात्मक फोटो

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में जल्द ही आधुनिक परिवहन व्यवस्था देखने को मिलेगी. शहर में बिना ड्राइवर के पॉड टैक्सियां चलाने की तैयारी है. उत्तराखंड सरकार ने 3,028 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को 'हरिद्वार दर्शन' नाम दिया है. 27 नवंबर को राज्य कैबिनेट ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी है.
परियोजना के तहत शहर में 21.08 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक बनाया जाएगा. पूरे नेटवर्क में तीन कॉरिडोर और 21 स्टेशन शामिल होंगे. इस परियोजना से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
तीन कॉरिडोर में विकसित होगा पॉड टैक्सी नेटवर्क:
- पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनाया जाएगा.
- दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक बनाना प्रस्तावित है.
- तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक बनाया जाएगा.
60 किलोमीटर प्रति घंटे तक होगी रफ्तार:
प्रत्येक पॉड टैक्सी में करीब 4 से 6 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी. ये चालक रहित टैक्सियां एलिवेटेड ट्रैक पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी. परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद शहर में यातायात का दबाव कम होने और प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होने की उम्मीद है.