
जोधपुरः कहते हैं काजू-बादाम खाने से दिमाग तेज होता है, और शायद चोरों ने भी इसे माना है. जोधपुर में कुछ महिलाओं ने ऐसा कारनामा किया कि दुकानदार भी हैरान रह गया. मामला महामंदिर क्षेत्र के बड़ला राम भरोसे किराना स्टोर का है, जहां दो से तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचीं. महिलाओं ने चीनी खरीदने का बहाना बनाया और दुकानदार को बातचीत में उलझा लिया.
इसी दौरान महिलाओं ने मौका देखकर दुकान से ड्राईफ्रूट्स के पैकेट गायब कर दिए. दुकानदार को इसकी भनक तक नहीं लगी और आरोपी महिलाएं सामान लेकर मौके से फरार हो गईं. हालांकि, महिलाओं की यह पूरी करतूत दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके के व्यापारियों में चिंता का माहौल है.
मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. अब देखना होगा कि काजू-बादाम के इन शौकीनों तक पुलिस कब पहुंचती है और इन्हें कब गिरफ्तार किया जाता है.