प्रतीकात्मक फोटो

जयपुर: उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में ठिठुरन बढ़ा दी है. शेखावाटी से लेकर हाड़ौती और पूर्वी राजस्थान तक सर्दी का असर तेज होने लगा है. प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शुक्रवार को फतेहपुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा. वहीं, सीकर में भी न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया.
शीतलहर का अलर्ट जारी:
मौसम विभाग ने शेखावाटी क्षेत्र सहित अजमेर और कोटा संभाग में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. आगामी दिनों में इन इलाकों में सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है. बर्फीली हवाओं के चलते सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ सकती है.
आगामी दिनों में और गिरेगा पारा:
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इस दौरान आसमान साफ रहेगा और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है. ऐसे में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही प्रदेश में सर्दी के तेवर और तीखे हो सकते हैं.