
जयपुर: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 18वें केन्द्रीय कॉमन रिव्यू मिशन के दल ने राजस्थान में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की सराहना की है. 14 सदस्यीय दल ने झालावाड एवं हनुमानगढ़ जिले में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं लाभार्थियों से सीधे संवाद कर प्रदेश में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर, निःशुल्क दवा एवं जांच योजना सहित विभिन्न कार्यक्रमों का अवलोकन किया. इस दौरान फील्ड में जो भी अनुभव रहे, उन्हें आज स्वास्थ्य भवन में आयोजित बैठक में राजस्थान के अधिकारियों के साथ साझा किया गया. प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा गायत्री राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में केन्द्रीय संयुक्त स्वास्थ्य सचिव एवं सीआरएम दल की ऑब्जर्बर रितु शर्मा सहित विभिन्न सदस्यों ने अपने विचार रखे.
विशेषज्ञ दल ने प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में संचालित किए गए नवाचार जैसे प्रसव सखी हेल्प डेस्क, बुजुर्गों के लिए डेडीकेडेट वार्ड के रूप में संचालित रामाश्रय वार्ड कार्यक्रम, पिंक यूपीएचसी, टाईप-1 डायबिटीज स्क्रीनिंग व उपचार सेवाओं के संचालित मिशन मधुहारी कार्यक्रम, मिशन लिवर स्माईल एवं गर्भवती महिलाओं के निःशुल्क सोनोग्राफी के लिए संचालित मा वाउचर योजना आदि की विशेष सराहना की. साथ ही उन्होंने नए मेडिकल ऑफिसर्स के लिए रिफ्रेशर्स ट्रेनिंग, दवाओं के सप्लाई चेन आदि के विश्लेषण, रियल टाईम स्टोर मैनेजमेंट, हब एंड स्पोक मॉडल के थर्ड पार्टी असेसमेंट सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक सुझाव भी दिए.
देशभर के स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने देखी राजस्थान की हेल्थ स्कीम्स !:
-राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 18 वें कॉमन रिव्यू मिशन का राजस्थान दौरा
-दल ने झालावाड एवं हनुमानगढ़ जिले में देखे विभिन्न स्वास्थ्य संस्थान
-मिशन ने स्वास्थ्य भवन में आयोजित बैठक में अधिकारियों के साथ साझा किए अनुभव
-इस दौरान PHS गायत्री राठौड ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त आयुक्त मातृ स्वास्थ्य,
-टीकाकरण व पीसीपीएनडीटी डॉ. पवन कुमार की लीडरशीप में आया है केन्द्रीय दल
-दल ने जयपुर मुख्यालय क्षेत्र सहित झालावाड़ और हनुमानगढ़ जिलों में किया दौरा
-इस दौरान वहां संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों व सेवाओं की क्रियान्विती का किया अवलोकन
-उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े दल के विशेषज्ञों ने दिए है कई सुझाव
-सीआरएम दल के सुझावों के अनुसार जो भी गैप पाए गए हैं उनमें सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे
प्रमुख शासन सचिव राठौड ने बताया कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त आयुक्त मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण व पीसीपीएनडीटी डॉ. पवन कुमार की लीडरशीप में केन्द्रीय दल ने जयपुर के अलावा झालावाड़ और हनुमानगढ़ जिलों में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों व सेवाओं की क्रियान्विती का अवलोकन किया. विभिन्न राज्यों एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य भवन में आयोजित बैठक में आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए हैं. उन्होंने कहा कि सीआरएम दल के सुझावों के अनुसार जो भी गैप पाए गए हैं उनमें सुधारात्मक कार्यवाही के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. बैठक में मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम, प्रबंध निदेशक आरएमएससीएल पुखराज सेन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजस्थान स्टेट हैल्थ एश्योरेंस एजेंसी हरजीलाल अटल, अतिरिक्त मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. टी. शुभमंगला, कार्यवाहक निदेशक आरसीएच डॉ. रोमेल सिंह, स्टेट प्रोग्राम मैनेजर एनएचएम डॉ. प्रदीप चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.