
जयपुर: राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत चुनाव में मिली शानदार जीत को अब कांग्रेस सियासी तौर पर भुनाने में जुट गई है.इसके लिए कांग्रेस नवनिर्वाचित पंचायत चुनाव जनप्रतिनिधियों का एक सम्मेलन जयपुर में करने का प्लान बना रही है.आठ या नौ दिसंबर को यह सम्मेलन हो सकता है और वहीं राहुल गांधी इस सम्मेलन को संबोधित करेंगे. पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने जीत का शानदार परचम फहराया है.कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले इसे बड़ा सियासी उलटफेर बताते हुए सत्ता का सेमीफाइनल मुकाबला जीतने का दावा कर रही है.कांग्रेस रणनीतिकारों की अब यह योजना है कि इस जीत के मोमेंटम को विधानसभा चुनाव तक बरकरार रखा जाए.लिहाजा तमाम इन निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का एक बड़ा सम्मेलन राजधानी जयपुर में करने का फैसला किया है.खास बात है खुद राहुल गांधी इस सम्मेलन को संबोधित करेंगे.
कांग्रेस पार्टी भुनाएगी पंचायत चुनाव की शानदार जीत को:
-जयपुर में होगा कांग्रेस के नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन
-आठ या नौ दिसंबर को हो सकता है कांग्रेस का सम्मेलन
-राहुल गांधी करेंगे इस सम्मेलन को संबोधित
-सम्मेलन में तमाम 24 जिला प्रमुख और 25 उप जिला प्रमुख रहेंगे
-नवनिर्वाचित प्रधान और उपप्रधान भी होंगे सम्मेलन में शामिल
-निर्वाचित 3,758 पंचायत समिति सदस्य और 794 जिला परिषद सदस्य भी रहेंगे मौजूद
-सम्मेलन में करीब 10 हजार की भीड़ जुटाने का रखा लक्ष्य
-राहुल गांधी को सम्मेलन में बुलाकर कांग्रेस देगी सियासी संदेश
इससे पहले राहुल गांधी ने रिजल्ट को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की थी.ऐसे में कांग्रेस पार्टी अब यह सम्मेलन आयोजित करके औऱ उसमें राहुल गांधी को बुलाकर एक सियासी मैसेज देगी.मतलब विधानसभा चुनाव होने तक अगले दो साल तक कांग्रेस इस जीत को सरकार के खिलाफ नाराजगी के रूप में भुनाएगी.सम्मेलन के जरिए कांग्रेस पार्टी की यह भी रणनीति है कि विधानसभा चुनाव तक कांग्रेस कार्यकर्ता को इसी तरह चार्ज रखा जाए.
आपको बता दे कि निकाय चुनाव की जीत के बाद बीजेपी ने भी इस तरह का एक आयोजन किया था.अब कांग्रेस भी उसी तर्ज पर इस तरह का सम्मेलन बुलाने जा रही है.जल्द ही सम्मेलन की जगह का चयन कांग्रेस पार्टी कर लेगी.दरअसल राहुल गांधी वैसे तो सचिवों की ट्रेनिंग में हिस्सा लेने जयपुर आ रहे थे.लेकिन परिणाम आने के बाद ट्रेनिंग के साथ यह सम्मेलन कराने का भी फिर फैसला हो गया.अब देखते है कांग्रेस इस जीत के मोमेंटम को विधानसभा चुनाव तक कितना कंटिन्यू रख पाती है.