
नई दिल्ली: परिसीमन विधेयक के खिलाफ विपक्ष की रणनीति तैयार हो रही है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर विपक्षी दलों की अहम बैठक खत्म हुई. बैठक के बाद खड़गे ने कहा कि परिसीमन लोकतंत्र के लिए खतरा है. पूरी सत्ता अपने हाथ में लेना चाहते हैं. सरकार सीट बढ़ाकर सत्ता हमेशा के लिए चाहती है. आबादी के अनुपात में सीटें होनी चाहिए.
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आज हमारे INDIA गठबंधन दलों के सभी नेताओं ने मिलकर तय किया है कि मोदी सरकार द्वारा जो परिसीमन संविधान संशोधन बिल लाया जा रहा है, लोकतंत्र के लिए ये बहुत बड़ा खतरा है. लोकतंत्र को खत्म करके पूरी सत्ता अपने हाथ में लेने के लिए उन्होंने आज 800 पार की बात की है. गत चुनाव में उनका 400 पार का नारा था लेकिन अब सीटें बढ़ाकर वे लोग हमेशा के लिए सत्ता अपने हाथ में लेना चाहते हैं. दूसरी बात यह कि इसमें SC-ST को, अनुसूचित जाति और जनजातियों के हितों को नहीं रखा गया है. उसके साध अन्याय किया गया है. संविधान ये कहता है कि SC-ST की सीटें बढ़नी चाहिए लेकिन उसमें इसका कोई प्रावधान नहीं है. ताजा जनगणना आने वाली है. इसके बारे में कुछ नहीं बताया गया.
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अगर ताजा जनगणना के तहत इसे(परिसीमन) किया जाए तो प्राकृतिक तौर पर SC-ST वर्ग को उनकी बढ़ी हुई संख्या के अनुसार बढ़ी हुई सीटें मिलेंगी लेकिन वे(भाजपा)चाहते हैं कि SC-ST वर्ग को उनका अधिकार न मिले.तीसरी बात यह कि चुनाव आयोग जिसने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को मतदाता सूची से हटाया है, उसे ही परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है. ये हमें स्वीकार नहीं है.
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि ज्ञानेश कुमार अपराध के कटघरे में हैं. उन्हीं के नेतृत्व में यदि ये हुआ तो और भी गड़बड़ी हो जाएगी.हमने देखा है कि असम और जम्मू-कश्मीर में किस तरह से परिसीमन हुआ. आपके सामने ये उदाहरण है. भौगोलिक तौर पर अपने फायदे के लिए वे लोग क्षेत्रों को बदलते हैं. सत्ता को पूरी तरह से अपने हाथ में लेने के लिए ये लोग मजबूती के साथ काम कर रहे हैं. पिछली बार जब बिल लाया गया था तो वे लोग विफल हो गए. अब उन्होने TMC को तोड़ा, NCP को तोड़ा, शिवसेना को तोड़ा. सभी पार्टियों को तोड़कर उन्हें जब ऐसा महसूस हुआ कि उनके पास संख्याबल है तो वे सत्र बुला रहे हैं.