
नई दिल्ली: परिसीमन बिल पर घेराबंदी के लिए आज INDIA गठबंधन के दल नेता जुट रहे हैं. प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर चर्चा के लिए बैठक हो रही है. विधेयक के खिलाफ विपक्ष की रणनीति और मुद्दों पर गहन मंथन हो रहा है. परिसीमन बिल पर पक्ष और विपक्ष के नेताओं की क्या प्रतिक्रियाएं रही...राजद सांसद मनोज कुमार झा ने INDIA गठबंधन की बैठक पर कहा कि सरकार के पाखंड को हम एक्सपोज करेंगे.
वहीं राजद सांसद अभय कुमार सिन्हा ने INDIA गठबंधन की बैठक पर कहा कि हमारे पास अभी भी नंबर बरकरार है. INDIA गठबंधन की बैठक होने वाली है. इसमें हम निर्णय लेंगे. निश्चित तौर पर भाजपा की राजनीति यही है कि फूट डालो और शासन करो. पूरे छल-बल के साथ वे इस राजनीति का प्रयोग करते रहते हैं. मैं यही कहूंगा कि पूरे देश और दुनिया के लोग इस राजनीतिको देख रहे हैं. निश्चित तौर पर वे कामयाब नहीं होंगे.हम पार्टी के निर्णय के साथ और INDIA गठबंधन के साथ पूरी तरह से अखंड हैं.
कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने INDIA गठबंधन की बैठक पर कहा कि आज बैठक है और बैठक में तय होगा कि क्या होगा या कैसे होगा. ये INDIA गठबंधन की बैठक है. इसमें हम आगे की रणनीति तय करेंगे.पिछली बार जो आंकड़े हमारे पास थे वो आंकड़े हैं. कुछ लोगों को डरा-धमका कर, ऑपरेशन लोटस के तहत ED-CBI का डर दिखाकर अपने पक्ष में करने का प्रयास किया जा रहा है. अब कितने लोग उनसे डरेंगे ये देखना होगा.
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने परिसीमन बिल पर कहा कि कई लोगों के मन में इस तरह के ख्याल जरूर आ रहे होंगे कि जो प्रतिनिधित्व होना चाहिए और प्रतिनिधित्व में जो न्याय या इंसाफ होना चाहिए, वो लोगों को लगता है कि नहीं हो रहा है. कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने संसद के विशेष सत्र से पहले INDIA गठबंधन की बैठक पर कहा कि बात पूर्ण संख्याओं की भी है, हम पूर्ण संख्याओं की बात कर रहे हैं. हम लोकतंत्र को बचाएंगे. हर हालत में, हर कीमत में हम बचाएंगे.
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि हमारी क्या रणनीति होगी उसे तय करने के लिए INDIA गठबंधन की बैठक हो रही है. जितना हम लोगों ने देखा है या समझा है कि संविधान पर भाजपा के इस हमले से बचाने के लिए तमाम ऐसे लोग जो दिख नहीं रहे हैं, बोल नहीं रहे हैं, वे हमारे साथ नहीं हैं. हम ये कह सकते हैं कि महिलाओं के नाम पर झूठ बोला जा रहा है, परिसीमन के नाम पर उस पर भारत का मत भाजपा के विरोध में है. आज हम अपनी रणनीति बनाएंगे. परिसीमन विधेयक पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि सदन में बिल आएगा तब उस पर चर्चा की जाएगी. बिल का प्रारूप क्या है, जब तक बिल ना देखा जाए उस पर बात नहीं कर सकते.
उन्होंने आगे कहा कि परिसीमन बिल बहुत खतरनाक है, उसके पीछे भाजपा की मंशा देशहित में नहीं है. इसका विरोध होगा. वहीं DMK और NCP(शरद पवार) द्वारा परिसीमन बिल का समर्थन करने पर AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हम इन सभी बातों पर चर्चा करने वाले हैं. उन्होंने आगे कहा कि अब हर कोई समझ गया है कि भाजपा के परिसीमन विधेयक का क्या मकसद है. असल में उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में जो किया है, वह सब जानते हैं. परिसीमन देश को बांटने का उनका एजेंडा है। सभी ये जानते हैं.
देश की संवैधानिक व्यवस्था का एक अंग:
परिसीमन बिल पर JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि परिसीमन इस देश की संवैधानिक व्यवस्था का एक अंग है. यह स्वाभाविक प्रक्रिया है. 10 वर्षों पर परिसीमन होना चाहिए, जब जनसंख्या बढ़ रही है तो परिसीमन स्वाभाविक है.
भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने परिसीमन बिल पर कहा कि ये अच्छी बात है कि अब लोकसभा में 50% सीटें बढ़ जाएंगी. महिला आरक्षण भी 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू हो जाए ये भी केंद्र सरकार का फैसला है. विपक्ष के लोग जिस तरह से बाधक बन रहे हैं, उनकी मानसिकता समझ से परे है कि उनको परेशानी क्यों हो रही है? आधी आबादी को अगर आरक्षण मिल रहा है तो उनको परेशानी है. देश इसका जवाब चाहती है. गौरतलब है कि सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाने का प्रस्ताव रखा है. दोनों सदनों की कार्यवाही कारोबारी जरूरतों के अनुसार 3 दिसंबर तक चल सकती है.