देहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर है. उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री नेशनल हाईवे बंद हुआ. नालूपानी के पास भूस्खलन से गंगोत्री हाईवे ठप हुआ. स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे भी अवरुद्ध हुआ. NH-बड़कोट की टीम मार्ग खोलने में जुट गई है. प्रशासन ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है. मौसम और सड़कों की सटीक जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करने की अपील की. यात्रा के दौरान पुलिस और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें.
आपको बता दें कि उत्तराखंड के लिए अगले 48 घंटे मुश्किल भरे हो सकते हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग ( आईएमडी ) ने आज यानि 9 जुलाई और कल 10 जुलाई के लिए भारी से बहुत भारी बारिश संभावना जताई है. देर रात से ही देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है. सभी जिलों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है.
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आज देहरादून और नैनीताल जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है. आज 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर एवं चम्पावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.