राजस्थान में भीषण गर्मी को देखते हुए CM भजनलाल शर्मा ने की जनता से अपील, कहा- पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ का सेवन करें

राजस्थान में भीषण गर्मी को देखते हुए CM भजनलाल शर्मा ने की जनता से अपील, कहा- पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ का सेवन करें

जयपुर : राजस्थान में भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनता से अपील की है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया X पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि प्रिय प्रदेशवासियो, राजस्थान में वर्तमान में नौतपा के कारण भीषण गर्मी का दौर जारी है. बढ़ते तापमान एवं लू के प्रभाव को देखते हुए आप सभी से आग्रह है कि अपने स्वास्थ्य एवं परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें.

कृपया पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ का सेवन करें, बच्चों, बुजुर्गों एवं अस्वस्थ व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें तथा अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचें. साथ ही, प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें.

हमारी संस्कृति सेवा, संवेदनशीलता एवं परोपकार की भावना से ओत-प्रोत रही है. इस कठिन समय में जरूरतमंद लोगों की सहायता हेतु आगे आएं. सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ, छांव एवं शीतल जल की व्यवस्था करने में अपनी सहभागिता निभाएं.

साथ ही, पशु-पक्षियों के लिए पानी एवं दाने की व्यवस्था कर जीव मात्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी एवं करुणा का परिचय दें. आपकी सजगता, संवेदनशीलता एवं सहयोग से हम सभी इस भीषण गर्मी का सामना सुरक्षित एवं सामूहिक रूप से कर सकते हैं. सभी प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की कामना करता हूं.