जयपुर स्थापना दिवस पर विशेष लेख: “महलों से मेडिकल इनोवेशन तक”, जयपुर ने कैसे बदली राजस्थान की स्वास्थ्य तस्वीर

जयपुर: जयपुर की पहचान केवल अपने भव्य महलों, ऐतिहासिक इमारतों, कला, संस्कृति और गुलाबी रंग से ही नहीं है. पिछले सात-आठ दशकों में इस शहर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी एक ऐसी यात्रा तय की है, जिसने इसे राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत के प्रमुख चिकित्सा केंद्रों में स्थापित कर दिया है. कभी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए राजस्थान के मरीजों को दिल्ली, मुंबई और अन्य महानगरों का रुख करना पड़ता था. आज वही जयपुर जटिल कैंसर, हृदय रोग, गुर्दा एवं लिवर प्रत्यारोपण, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, आधुनिक प्रजनन तकनीक और कार-टी एंव जीन आधारित उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने वाला चिकित्सा केंद्र बन चुका है. यह बदलाव केवल अस्पतालों के विस्तार की कहानी नहीं है, बल्कि चिकित्सकों की दूरदर्शिता, संस्थानों की प्रतिबद्धता, वैज्ञानिक प्रगति और समाज के सहयोग का परिणाम है. 18 नवंबर 1727 को सवाई जय सिंह द्वितीय ने जिस जयपुर की नींव रखी, वह आज अपने 299वें स्थापना दिवस पर सिर्फ़ विरासत का शहर नहीं, पूरे प्रदेश के मरीज़ों का भरोसा भी है. अगले वर्ष नगर 300 वर्ष पूरे करेगा. 

ऐतिहासिक नींव: शाही राजवैद्यों से आधुनिक अस्पतालों की शुरुआत तक
जयपुर की चिकित्सा यात्रा इसकी स्थापना जितनी ही पुरानी है. शुरुआती दौर में शाही संरक्षण में राजवैद्यों और हकीमों की परंपरा ने शहर को आरोग्य दिया, अगस्त 1946 में स्वतंत्र आयुर्वेद महाविद्यालय बना जिसकी परिणति 7 फरवरी 1976 को ‘राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान’ (NIA) की स्थापना के रूप में हुई. आधुनिक चिकित्सा की नींव 1844 में पहली एलोपैथिक डिस्पेंसरी और 1855 में पहले मेडिकल स्कूल के साथ पड़ी. 1934 में शिलान्यास के बाद 1936 में सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल और 1947 में एसएमएस मेडिकल कॉलेज की शुरुआत ने राजस्थान की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ तैयार की. निजी क्षेत्र में भी जयपुर ने शुरुआती दौर से ही अग्रणी भूमिका निभाई—1950 के दशक में निजी नर्सिंग होम की परंपरा शुरू हुई और 1 जनवरी 1972 को संतोखबा दुर्लभजी मेमोरियल हॉस्पिटल (SDMH) की शुरुआत ने शहर में आधुनिक निजी चिकित्सा सेवा के नए युग का सूत्रपात किया. BMCHRC की स्थापना ने प्रदेश में कैंसर के मरीजों को एक संजीवनी प्रदान की है.

SMS मेडिकल कॉलेज: आधुनिक चिकित्सा की ऐतिहासिक नींव
जयपुर की आधुनिक चिकित्सा यात्रा की नींव 1946 में लॉर्ड वेवेल ने एसएमएस मेडिकल कॉलेज के रूप में रखी और 1947 में यह भारत का 15वां मेडिकल एजुकेशन सेंटर बनकर शुरू हुआ. इससे जुड़े SMS अस्पताल ने धीरे-धीरे पूरे प्रदेश के लिए टर्शियरी केयर का प्रमुख केंद्र बनने का गौरव हासिल किया. आज यहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, ट्रॉमा और अनेक अन्य विशेषज्ञताओं में उपचार उपलब्ध है. SMS की सबसे बड़ी उपलब्धि केवल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विकास नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तक उच्चस्तरीय उपचार पहुंचाना भी है. प्रदेश के दूरदराज के जिलों से आने वाले हजारों मरीजों के लिए यह अस्पताल आज भी जीवन की सबसे बड़ी उम्मीदों में से एक है. 

आज एसएमएस अस्पताल में 6,000 से अधिक बिस्तर हैं और यह राजस्थान का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है. एसएमएस मेडिकल कॉलेज देश में सबसे अधिक ओपीडी और आईपीडी मरीजों को सेवाए देने वाला सरकारी अस्पताल है, यह नई दिल्ली के प्रसिद्ध एम्स से भी अधिक है. एसएमएस मेडिकल कॉलेज पूरे देश में सर्वाधिक मेडिकल पीजी कोर्सेस करवाने वाला चिकित्सा संस्थान भी है. परिसर से जुड़े सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और महिला चिकित्सालय भी लाखों परिवारों की उम्मीद हैं. 

संतोकबा दुर्लभजी अस्पताल: सेवा और आधुनिक चिकित्सा का संगम
जयपुर के स्वास्थ्य इतिहास में संतोकबा दुर्लभजी मेमोरियल हॉस्पिटल (SDMH) का विशेष स्थान है. वर्ष 1971 में तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी द्वारा उद्घाटित इस अस्पताल ने राजस्थान में आधुनिक निजी स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत को नई दिशा दी. सीमित बिस्तरों और कुछ विशेषज्ञताओं से शुरू हुआ यह संस्थान आज बहुविशेषज्ञता वाले बड़े चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है.

निजी और सेवा-भाव के अस्पताल
कैंसर के इलाज में भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमसीएचआरसी) का नाम प्रमुख है. 1992 में प्रस्ताव, 1996 में निर्माण और 1997 से संचालन के बाद यह अस्पताल प्रदेश और आस पास के लोगो को उच्च गुणवता वाला उपचार उपलब्ध करवा रहा है. यह एनएबीएच-मान्यता प्राप्त है और यूरोपीय सोसाइटी फ़ॉर मेडिकल ऑन्कोलॉजी (ईएसएमओ) ने इंटीग्रेटेड ऑनकोलॉजी एंड पैलिएटिव केयर का 'डेज़िग्नेटेड सेंटर' माना है. वर्ष 2023 में इसने "कैंसर जाँच आपके द्वार" अभियान से शुरुआती जाँच को लोगों के दरवाज़े तक पहुँचाया.

जयपुर फुट: चिकित्सा विज्ञान में जयपुर का वैश्विक योगदान
जयपुर की चिकित्सा उपलब्धियों की चर्चा जयपुर फुट के बिना अधूरी है. जयपुर की चिकित्सा यात्रा का सबसे चमकदार पन्ना 1968 में एसएमएस मेडिकल कॉलेज में लिखा गया. रैमॉन मैग्सेसे पुरस्कृत और पद्मश्री सम्मानित डॉ. प्रमोद करण सेठी और कारीगर पंडित रामचंद्र शर्मा ("मास्टरजी") ने डॉ. एस.सी. कासलीवाल और डॉ. एम.पी. उदावत के साथ मिलकर रबर का सस्ता, टिकाऊ कृत्रिम पैर बनाया, जो आगे चलकर "जयपुर फुट" कहलाया. डॉ. सेठी ने इसे 1971 में ऑक्सफ़ोर्ड में ब्रिटिश आर्थोपेडिक सर्जनों के सामने प्रस्तुत किया. लेकिन 1975 तक यह तकनीक कुछ दर्जन मरीज़ों तक ही पहुँच सकी. फिर भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (बीएमवीएसएस) नामक संस्था ने लाखों दिव्यांगों को निःशुल्क कृत्रिम अंग देकर इसे आगे बढ़ाया और जन जन तक पहुंचाया. 

IVF और प्रजनन चिकित्सा: जयपुर ने उत्तर भारत को दी नई दिशा
जयपुर ने प्रजनन चिकित्सा के क्षेत्र में भी शुरुआती दौर से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं.डॉ. एम.एल. स्वर्णकार के नेतृत्व में जयपुर फर्टिलिटी एंड माइक्रोसर्जरी रिसर्च सेंटर ने 1989 के आसपास राजस्थान और उत्तर भारत में IVF तकनीक से गर्भधारण एवं शिशु जन्म की ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की. आज यह शहर उन दंपतियों के लिए भी एक प्रमुख चिकित्सा केंद्र है, जिन्हें बांझपन और प्रजनन संबंधी जटिल समस्याओं के उपचार की आवश्यकता होती है. 

अंग प्रत्यारोपण: जीवनदान की नई संभावनाएं
वर्ष 2015 जयपुर और राजस्थान की चिकित्सा यात्रा में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ. महालक्ष्मी गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MGMCH) में अगस्त 2015 में राज्य का पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण किया गया. इस उपलब्धि ने राजस्थान में उन्नत हृदय शल्य चिकित्सा और अंग प्रत्यारोपण की संभावनाओं को नया आयाम दिया. इसी दौर में गुर्दा और लिवर प्रत्यारोपण की सुविधाओं का भी विस्तार हुआ. आगे चलकर इस संस्थान ने हजारों किडनी ट्रांसप्लांट और सैकड़ों जटिल चिकित्सा प्रक्रियाओं के माध्यम से अपनी पहचान मजबूत की. 2016 में उत्तर भारत में पहला हार्ट-लंग ट्रांसप्लांट भी यहीं हुआ. SMS अस्पताल में वर्ष 2015 में पहली बार कैडेवरिक अंगदान से प्राप्त अंगों का प्रत्यारोपण भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा. इससे राजस्थान में अंगदान के प्रति जागरूकता और मृतक अंगदान की व्यवस्था को बढ़ावा मिला.आज जयपुर में SMS, MGMCH, SDMH, नारायणा, NIMS सहित कई संस्थान विभिन्न अंग प्रत्यारोपण सेवाओं के लिए स्वीकृत हैं.

कैंसर और बोन मैरो ट्रांसप्लांट: जयपुर बना नई उम्मीदों का केंद्र
कैंसर उपचार के क्षेत्र में जयपुर ने पिछले तीन दशकों में असाधारण विकास किया है. वर्ष 1997 में स्थापित भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (BMCHRC) ने राजस्थान में समर्पित कैंसर उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी और हेमेटोलॉजी जैसी विशेषज्ञताओं के विस्तार ने कैंसर के समग्र उपचार को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया. बोन मैरो ट्रांसप्लांट (BMT)  ने इस यात्रा को एक नई दिशा दी. SMS मेडिकल कॉलेज में मेडिकल ऑन्कोलॉजी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट कार्यक्रम के विकास में डॉ. हेमंत मल्होत्रा, डॉ संदीप जसूजा और उनकी टीम का उल्लेखनीय योगदान रहा.

राजस्थान में पहला ऑटोलॉगस बोन मैरो ट्रांसप्लांट इसी संस्थागत प्रयास का महत्वपूर्ण पड़ाव था. थैलेसीमिया ग्रसित बच्चों के लिए प्रेम निकेतन अस्पताल ने भी बीएमटी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. इसके बाद BMCHRC, MGH  और अन्य निजी संस्थानों में BMT सेवाओं का विस्तार हुआ. BMCHRC ने राजस्थान में बोन मैरो ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में सबसे अग्रणी और सर्वाधिक सफल ट्रांसप्लांट करने वाले संस्थानों में अपनी विशेष पहचान बनाई है एंव डॉ प्रकाश सिंह शेखावत के नेतृत्व में  200 बोन मैरो ट्रांसप्लांट की उपलब्धि दर्ज की है. यह शहर में विकसित हुई इस विशेषज्ञता के विस्तार का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है. सरकारी स्तर पर बीएमटी यूनिट 2 बेड से 50 बेड करने की महत्वकांशी योजना भी  यहाँ के मरीजों के लिए वरदान साबित होगी.

CAR-T सेल थेरेपी: राजस्थान की चिकित्सा यात्रा के भविष्य की ओर बढ़ाया गया सबसे आधुनिक अध्याय CAR-T सेल थेरेपी के आगमन से जुड़ा है. राजस्थान की पहली CAR-T सेल थेरेपी: चिकित्सा विज्ञान की सबसे अत्याधुनिक तकनीक—CAR-T सेल थेरेपी (को राजस्थान में लाने का श्रेय भी जयपुर को जाता है. दिसंबर 2024 में BMCHRC, जयपुर में डॉ. प्रकाश सिंह शेखावत के नेतृत्व में राजस्थान की पहली सफल CAR-T सेल थेरेपी संपन्न हुई, जिसने रिलैप्स्ड ब्लड कैंसर से जूझ रहे मरीजों के लिए राज्य में ही जीवनरक्षक विकल्प उपलब्ध कराया.

हृदय रोग, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक तकनीक और वैश्विक सुरक्षा 
जयपुर में कार्डियक साइंसेज का विकास भी उल्लेखनीय रहा है. जयपुर मणिपाल हॉस्पिटल में विश्व की प्रथम कार्डियक टेलीरोबोटिक सर्जरी की गई थी जनवरी २०२५. Eternal Hospital ने इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी, इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी, आधुनिक पेसमेकर, TAVI/TAVR और जटिल संरचनात्मक हृदय रोगों के उपचार में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं. वहीं MGMCH, नारायणा, फोर्टिस, RHL, SDMH और अन्य अस्पतालों ने कार्डियक सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, कैंसर सर्जरी, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जरी और क्रिटिकल केयर की सुविधाओं को मजबूत किया है. अक्टूबर 2025 में SMS अस्पताल में राज्य के किसी सरकारी अस्पताल में पहली रोबोटिक-सहायता प्राप्त किडनी प्रत्यारोपण सर्जरी भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही. जून 2025 में जयपुर के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MGMCH) ने जॉइंट कमीशन इंटरनेशनल (JCI) की मान्यता प्राप्त कर भारत का पहला ऐकाडेमिक मेडिकल सेंटर (Academic Medical Centre) बनने का गौरव हासिल किया. यह उपलब्धि जयपुर की चिकित्सा गुणवत्ता और रोगी सुरक्षा को वैश्विक मानकों के समकक्ष स्थापित करती है. 

अन्य विशेषज्ञताओं में भी मजबूत होती पहचान
जयपुर की चिकित्सा उपलब्धियां केवल कैंसर और प्रत्यारोपण तक सीमित नहीं हैं. न्यूरोसाइंसेज: ब्रेन और स्पाइन सर्जरी, स्ट्रोक प्रबंधन और न्यूरो-इंटरवेंशन की आधुनिक सुविधाओं का विस्तार. ऑर्थोपेडिक्स: जॉइंट रिप्लेसमेंट, स्पाइन सर्जरी और जटिल ट्रॉमा उपचार में बढ़ती विशेषज्ञता. गैस्ट्रोएंटरोलॉजी: लिवर, पैंक्रियाज और पाचन तंत्र की जटिल बीमारियों के उपचार तथा उन्नत एंडोस्कोपिक प्रक्रियाओं का विकास. नेफ्रोलॉजी: डायलिसिस, किडनी ट्रांसप्लांट और क्रिटिकल रीनल केयर की उपलब्धता. नेत्र चिकित्सा: कॉर्निया प्रत्यारोपण, रेटिना और आधुनिक नेत्र शल्य चिकित्सा का विस्तार. नवजात एवं बाल चिकित्सा: NICU, PICU, बाल हृदय रोग और बाल कैंसर उपचार की सुविधाएं. J K Lone हॉस्पिटल इस प्रयास में अग्रणी रहा है. महिला स्वास्थ्य: उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, मातृत्व सेवाओं और प्रजनन चिकित्सा में प्रगति.

मेडिकल टूरिज्म: राजस्थान के बाहर भी बढ़ा जयपुर का प्रभाव: 
आज जयपुर के अस्पतालों में केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, गुजरात और अन्य राज्यों से भी मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं. अंतरराष्ट्रीय मरीजों के लिए भी जयपुर एक महत्वपूर्ण विकल्प बन रहा है. इसकी वजह है महानगरों की तुलना में कई उपचारों की अपेक्षाकृत किफायती लागत, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और आधुनिक अस्पतालों का विकास. निजी अस्पतालों के साथ-साथ सरकारी चिकित्सा संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों और अनुसंधान केंद्रों की बढ़ती भूमिका ने इस विकास को और गति दी है.

सरकारी स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार और ‘भीलवाड़ा-जयपुर’ मॉडल: कोविड-19 महामारी के दौरान एसएमएस अस्पताल और जयपुर के चिकित्सा तंत्र की क्लिनिकल व कंटेनमेंट रणनीति को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया. इसके बाद एसएमएस अस्पताल परिसर में बन रहा विश्वस्तरीय IPD टावर और इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी, स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट, तथा राजस्थान सरकार की निःशुल्क दवा, निःशुल्क जांच और मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (MAA) योजना ने जयपुर को ‘अफोर्डेबल और यूनिवर्सल हेल्थकेयर’ का मॉडल बना दिया है. 

जयपुर की असली उपलब्धि: तकनीक के साथ संवेदना
जयपुर की पहचान केवल उसकी विरासत में नहीं, बल्कि उन हजारों जीवनों में भी है जिन्हें इस शहर ने नई उम्मीद दी है. जयपुर की चिकित्सा यात्रा हमें यह सिखाती है कि किसी शहर की प्रगति का आकलन केवल उसकी इमारतों, सड़कों और आर्थिक विकास से नहीं किया जा सकता. उसकी असली पहचान इस बात से बनती है कि वह अपने नागरिकों को कितना स्वस्थ और सुरक्षित जीवन दे पा रहा है. SMS अस्पताल की सार्वजनिक सेवा से लेकर संतोकबा दुर्लभजी की मानवीय पहल, जयपुर फुट की वैश्विक पहचान, IVF की शुरुआती उपलब्धियों, MGMCH  के अंग प्रत्यारोपण, BMCHRC में  कैंसर, BMT और CAR-T जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों तक जयपुर ने एक लंबा सफर तय किया है. यह सफर अनेक चिकित्सकों, नर्सों, वैज्ञानिकों, तकनीशियनों, अस्पतालों, समाजसेवियों और उन अनगिनत परिवारों के समर्पण से संभव हुआ है, जिन्होंने चिकित्सा विज्ञान पर भरोसा किया. इस स्थापना दिवस पर जयपुर को यही शुभकामना है कि आने वाले वर्षों में यह शहर चिकित्सा, अनुसंधान, नवाचार और मानवीय सेवा के क्षेत्र में देश ही नहीं, दुनिया के अग्रणी शहरों में अपना स्थान बनाए.

आगे की राह: केवल अस्पताल नहीं, एक हेल्थकेयर इकोसिस्टम
जयपुर के सामने अब अगली चुनौती चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार मात्र नहीं, बल्कि एक संपूर्ण हेल्थकेयर इकोसिस्टम विकसित करने की है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जीनोमिक्स, पर्सनलाइज्ड मेडिसिन, रोबोटिक सर्जरी, सेलुलर थेरेपी, टेलीमेडिसिन और चिकित्सा अनुसंधान आने वाले वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा तय करेंगे. इसके साथ ही जरूरी है कि आधुनिक उपचार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तक पहुंचे, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हों, ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध हो और बीमारियों की रोकथाम पर अधिक ध्यान दिया जाए. 

जयपुर में मेडिकल शिक्षा, अनुसंधान, अस्पतालों, फार्मास्यूटिकल उद्योग और मेडिकल टूरिज्म को एक साथ जोड़कर इसे देश के प्रमुख हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित किया जा सकता है. स्थापना के 300वें वर्ष की दहलीज़ पर जयपुर के सामने अवसर भी हैं और जवाबदेही भी. अक्टूबर 2025 में एसएमएस ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में लगी आग की दुखद घटना, जिसमें कई मरीज़ों की जान गई, याद दिलाती है कि बड़े अस्पतालों में अग्नि-सुरक्षा और नियमित सुरक्षा ऑडिट उतने ही ज़रूरी हैं जितनी नई मशीनें. ट्रांसप्लांट और सेल थेरेपी जैसी सुविधाएँ तभी आम मरीज़ तक पहुँचेंगी जब बिस्तर, प्रशिक्षित स्टाफ़ और किफ़ायती इलाज साथ-साथ बढ़ें. जिस शहर ने सदियों पहले वैज्ञानिक सोच से बसना सीखा था, उससे अपेक्षा है कि वह स्वास्थ्य के मोर्चे पर भी उसी योजना से आगे बढ़े क्योंकि एक स्वस्थ जयपुर ही एक समृद्ध जयपुर की सबसे मजबूत नींव है.

...जयपुर स्थापना दिवस पर डॉ. प्रकाश सिंह शेखावत,  सीनियर कंसल्टेंट , हेमेटो ऑन्कोलॉजी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट का विशेष लेख