जयपुर मेरा अपना शहर है

जयपुर सिर्फ पत्थरों, महलों और चौपड़ों का शहर नहीं है, यह तो एक जीता-जागता और सांस लेता हुआ ऐसा इतिहास है जिसकी रगों में पुरानी तहजीब, आत्मीयता और बेहिसाब अपनापन आज भी पूरी शिद्दत से दौड़ रहा है. 18 नवंबर 1727 को महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय द्वारा बसाया गया यह खूबसूरत शहर आज अपने इस सदियों पुराने सफर के लगभग 300 गौरवशाली वर्षों के करीब पहुंच चुका है. आज जब यह शहर यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट (World Heritage Site) की सूची में शान से शामिल है, तो देश-विदेश के सैलानी और विदेशी पर्यटक जब कंधे पर झोला लटकाए गुलाबी परकोटे की तंग, संकरी और ऐतिहासिक गलियों से गुजरते हैं, तो वे केवल पुरानी इमारतों को नहीं निहार रहे होते, बल्कि उस जिंदादिल संस्कृति को जी रहे होते हैं जो सदियों से यहां की आबोहवा में रची-बसी है.

इस शहर की सबसे बड़ी और अनमोल पूंजी यहां के आम लोगों की वह असीम आत्मीयता और अपनापन है जो वक्त की हर आंधी में भी कभी धुंधला नहीं पड़ा. आज से तीन दशक पहले का जयपुर आज के आधुनिक महानगरों से बिल्कुल जुदा, एक सुकुन भरा परिवार जैसा था. तब पुराने शहर की उन तंग गलियों और बड़े-बड़े घरों में संयुक्त परिवार (Joint Families) रहा करते थे, जहां अड़ोस-पड़ोस की दीवारें दिलों के बीच की दूरियां मिटा दिया करती थीं. छतों पर एक-दूसरे से बतियाती गृहणियां, शाम को गलियों में गिल्ली-डंडा, कंचे और छुपाछिपी खेलते बच्चे, और ढलती शाम के साथ ही चौपालों या घरों के बाहर ताश की गड्डियों के बीच सजने वाली बुजुर्गों की महफिलें-उस दौर के जीवन का एक ऐसा अटूट हिस्सा थीं, जहां रफ्तार कम थी लेकिन सुकून और मेल-भाव बेहिसाब था.

शहर की इस बसावट में कदम-कदम पर इतिहास के पन्ने पलटे मिलते हैं. इतिहास के पन्नों में दर्ज त्रिपोलिया दरवाजा सिर्फ एक शानदार स्थापत्य का नमूना नहीं है, बल्कि यह कभी राजनीतिक हलचलों और बड़ी-बड़ी जनसभाओं का सबसे बड़ा केंद्र हुआ करता था. इस ऐतिहासिक मंच पर देश के कई दिग्गज नेताओं की महा-सभाएं गूंजी हैं, और विशेष तौर पर जब भारत के ओजस्वी वक्ता और महान राजनेता अटल बिहारी वाजपेयी जी या अन्य दिग्गज नेता यहां भाषण देने आते थे, तो परकोटे की छतों और सड़कों पर ऐसा विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ता था कि पूरा शहर उस गूंज से थर्रा उठता था.

शहर की जीवनशैली भी कितनी अद्भुत थी. एक वो जमाना था जब लोग पैदल चलना अपनी सेहत और शौक दोनों मानते थे, सड़कों पर बसों की भीड़ के बजाय तांगों और साइकिल रिक्शों की घंटियों की खनक गूंजा करती थी, और शहर की जान कहीं जाने वाली छोटी चौपड़ या बड़ी चौपड़ पर आवारा मवेशी और हमारी प्यारी गायें बड़े आराम से घूमती नजर आती थीं. शाम ढलते ही शहर की रौनक देखने लायक होती थी. नुक्कड़ की पान की थड़ियों पर जब रेडियो की कानफोड़ू आवाज़ में समाचार या गाने गूंजते थे, तो लोगों की भीड़ लग जाती थी, जहां देश-दुनिया के मुद्दों पर चाय की चुस्कियों के साथ लंबी बहसें छिड़ जाती थीं. 12 भाइयों के चौराहे पर खड़े होकर लोगों की बातें सुनना और शहर के गलियारों की गपशप में शामिल होना अपने आप में एक अलग ही नशा था. शाम के वक्त हलवाइयों की दुकानों के बाहर जब दूध के बड़े-बड़े कड़ाहे उबलते थे और उनकी सौंधी खुशबू हवा में घुलती थी, तो पूरा माहौल महक उठता था.

और जब बात यहाँ के खान-पान और स्वाद की हो, तो जयपुर के जायके की फेरिस्त बहुत लंबी और लाजवाब है. कलयुग हलवाई और प्रसिद्ध एलएमबी (LMB) की पारंपरिक मिठाइयों के साथ-साथ, नमकीन वालों की गली में मिलने वाले मशहूर 'संपत की नमकीन', और अपनी अनूठी खुशबू व स्वाद के लिए जाने जाने वाले 'भगत के लड्डू' का जिक्र आते ही मुंह में पानी आ जाता है. इसके अलावा, किताबें खरीदने के लिए दूर-दूर से मशहूर 'चौड़ा रास्ता' की रौनक और चमकते-खनकते बर्तनों के लिए पूरे शहर में अपनी पहचान रखने वाला 'त्रिपोलिया बाजार' इस शहर की व्यापारिक और सांस्कृतिक रीढ़ रहे हैं. यहाँ तक कि जवाहरात और रत्नकारी (Jewellery and Gemstone) का कार्य तो जयपुर की रग-रग में बसा है, जिसकी चमक पूरी दुनिया में आज भी गूंजती है.

धार्मिक आस्था के मामले में जयपुर को यूं ही 'छोटी काशी' नहीं कहा जाता. यहां कण-कण में भगवान बसते हैं. गोविंद देव जी के दरबार की वो अलौकिक मंगला झांकी, गोपीनाथ जी की महिमा, चांदपोल हनुमान जी का आशीर्वाद, ताड़केश्वर जी का पावन धाम, और शहर के मध्य स्थित काले हनुमान जी का मंदिर व रामचंद्र जी का मंदिर-यहां की आध्यात्मिक पहचान के मुख्य स्तंभ रहे हैं. पहले भले ही कई मंदिर इतने लाइमलाइट में नहीं थे, लेकिन आज सोशल मीडिया और डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स के दौर में शहर के कोने-कोने के प्राचीन और छिपे हुए मंदिर दुनिया के सामने आ रहे हैं, जिन्हें देखकर दिल गदगद हो जाता है.

शहर की शिक्षा और खेलों का संसार भी बेहद सुनहरा था. शिक्षा की बात करें तो शहर के ही पुराने और प्रतिष्ठित स्कूलों में हमारी शुरुआती तालीम पूरी हुई, जहां के शिक्षकों का अनुशासन और स्नेह आज भी जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है. फिर कॉलेज के दिनों में जब शहर की सरहदें लांघकर बाहर जाना हुआ, तो एक अलग ही दुनिया से पाला पड़ा. खेलों का जिक्र हो तो चौगान स्टेडियम का नाम आते ही सिहरन दौड़ जाती है. एक जमाने में चौगान स्टेडियम खेल गतिविधियों का बहुत बड़ा और जबरदस्त केंद्र हुआ करता था, जहां बड़े-बड़े टूर्नामेंट और एथलेटिक्स की धूम रहती थी. इसके अलावा, गणगौरी बाजार में लगने वाला वह पारंपरिक और विशाल हटवाड़ा, और रामलीला मैदान में होने वाली वे भव्य और विराट रामलीलाएं-जिन्हें देखने के लिए मीलों दूर से लोग परिवार सहित आते थे-हमारे बचपन के सबसे बड़े उत्सव हुआ करते थे.

शहर के त्यौहारों का तो कोई सानी ही नहीं है. सावन की झड़ियों के बीच आने वाली तीज और गणगौर की शाही सवारियां जब परकोटे से गुजरती थीं, तो पूरा शहर उमंग, लोकगीतों और पारंपरिक परिधानों के रंगों में डूब जाता था. दीवाली पर गुलाबी परकोटे की एक-एक इमारत को जिस भव्यता से दीपों और लड़ियों से सजाया जाता था, वह नजारा देखने लायक होता था, और होली पर तो रंगों का ऐसा ज्वार उठता था कि हर कोई अपने-पराए का भेद भुलाकर बस एक-दूसरे को गले लगाने में जुट जाता था.

आज भले ही इन सब बातों को बीते हुए, इस शहर को छोड़े हुए अंदाजन 28-30 साल का लंबा अरसा बीत चुका हो, और भले ही आज का जयपुर तांगों और रिक्शों की जगह आधुनिक बसों, कारों और तेज रफ्तार ई-रिक्शा की दुनिया में बदल चुका हो, पर सच तो यह है कि हमारे दिल का एक हिस्सा आज भी उसी पुराने परकोटे में धड़कता है. शहर में आज भी हमारा घर है, हमारे अनगिनत रिश्तेदार और ननिहाल वाले हैं, और बचपन से लेकर आज तक के वे पक्के दोस्त हैं जिनकी कहानियों और किस्सों का पिटारा कभी खत्म नहीं होता. जब भी अपनों से बात होती है, पुरानी गलियों की धूल पैरों में महसूस होने लगती है, क्योंकि जयपुर सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एक ऐसा शाश्वत अहसास है जो कभी पुराना नहीं होता.
...जयपुर स्थापना दिवस पर संजय कौशिक, टूरिज्म एक्सपर्ट का लेख

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें