जयपुर में दिखा गर्मी का सितम, मौसम विभाग ने जारी किया हीट वेव का अलर्ट, लोगों का गर्मी से हुआ हाल बेहाल

जयपुर : जयपुर में गर्मी का सितम जारी है. मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी किया है. सुबह 11 बजे से लेकर 4 बजे तक भरी गर्मी का अलर्ट किया है. आज तापमान 38 डिग्री है. लोगों का गर्मी से हाल बेहाल हो गया है.

वहीं जैसलमेर में भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. सुबह से ही तेज धूप और दोपहर तक चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया. दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिसने मरुस्थलीय शहर की तपिश को और अधिक तीखा बना दिया. 

सड़कों पर आम दिनों की तुलना में बेहद कम आवाजाही देखने को मिली और बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा. सुबह सूर्योदय के साथ ही गर्मी का अहसास होने लगा था. जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, सूरज की तपिश और तेज होती गई. दोपहर के समय हालात ऐसे रहे कि जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकलते नजर आए. जो लोग बाहर निकले, वे पूरी तरह से गर्मी से बचाव के उपाय करते दिखाई दिए. 

यही हाल झालावाड़ के खानपुर का है. यहां का तापमान 41डिग्री के पार पहुंच गया है, लोग झुलसने वाली गर्मी से परेशान नजर आए. पंखे की हवा भी आग उगल रही है, वहीं कूलर भी राहत नहीं पहुंचा रहे हैं. CMHO डॉ.साजिद खान ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ORS घोल थोड़ी- थोड़ी देर में पीते रहें शरीर में पानी की कमी नहीं रखे. बाजारों में आवश्यक कार्य से ही आमजन घरों से फिलहाल बाहर निकले.